Varanasi: बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सभा गढ़वा में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया और लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर उड़ा ले गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़वा गांव निवासी प्रदीप कुमार प्रजापति जल जीवन मिशन में गांव (Varanasi) के ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। बुधवार की शाम आई आंधी और बारिश के चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। उमस अधिक होने के कारण प्रदीप कुमार घर के बाहर चारपाई डालकर सो गए, जबकि उनकी पत्नी आरती देवी बच्चों के साथ छत पर सोने चली गईं। रात करीब 12 बजे बिजली आने के बाद आरती देवी बच्चों के साथ नीचे कमरे में आकर सो गईं।
Varanasi: शौचालय के सहारे छत पर चढ़े लोग
बताया जा रहा है कि रात के करीब 2 से 3 बजे के बीच चोर घर के बाहर बने शौचालय के सहारे छत पर चढ़ गए। इसके बाद सीढ़ी के रास्ते आंगन में उतरकर सीधे कमरे में पहुंचे और वहां रखी दो अटैची व एक लोहे का बक्सा उठाकर पीछे के दरवाजे से बाहर निकल गए। घर के पीछे खेत में दो अटैचियों का ताला तोड़कर देखा गया, लेकिन उनमें कुछ खास सामान नहीं मिला। इसके बाद चोर करीब 200 मीटर दूर नहर किनारे बक्सा ले गए और उसे तोड़कर उसमें रखे 15 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
चोरी गए सामान में सोने का मंगलसूत्र, मांगटीका, कान की बाली, नथिया तथा चांदी की करधनी, पायल, बच्चों के कड़े समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। सुबह करीब 3 बजे आरती देवी की नजर पीछे का दरवाजा खुला होने पर पड़ी, जिसके बाद चोरी (Varanasi) की जानकारी हुई।
सूचना पर डायल 112 पुलिस (Varanasi) मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। बाद में हरहुआ पुलिस चौकी की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित प्रदीप प्रजापति ने हरहुआ पुलिस चौकी पर लिखित तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

