Sonbhadra: डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के बाड़ी मोहल्ले में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़िता ने डाला चौकी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।
सामान की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख
पीड़िता रीना चौबे के अनुसार, चोर घर के पीछे लगे दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने का हार सेट, चार कंगन, चेन, मांगटीका, करधनी, पायल, पैजनिया, बिछिया सहित चांदी की थाली, पानदान, सुपाड़ी, नारियल तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी (sonbhadra) गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
sonbhadra: मैगजीन के पास कपड़ों से भरी तीन अटैचियां बरामद
बताया गया कि वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने आसपास के मकानों के पिछले दरवाजों की कुंडी बाहर से लगा दी, ताकि किसी को घटना की भनक न लग सके। चोरी की जानकारी होने पर परिजनों ने आसपास की पहाड़ियों (sonbhadra) में तलाश शुरू की, जहां एक पुरानी लोहे की मैगजीन के पास कपड़ों से भरी तीन अटैचियां बरामद हुईं।
सूचना मिलते ही डाला पुलिस और चोपन थाना पुलिस (sonbhadra) मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से विभिन्न स्थानों से साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि नियमित गश्त हो रही है, तो नगर में आए दिन इस तरह की बड़ी चोरी की घटनाएं कैसे हो रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

