Varanasi में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए नौका संचालन पर रोक लगा रखी है और बिना लाइफ जैकेट नाव की सवारी पर सख्त मनाही है। इसी बीच भाजपा के पूर्व सांसद और भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ का नाव पर शूटिंग करते वीडियो और तस्वीरों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि शूटिंग के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया, जिससे प्रशासन की कार्रवाई और नियमों के समान अनुपालन पर बहस तेज हो गई है।
गंगा में तेज बहाव और ऊंची उठती लहरों के बीच जिला प्रशासन (Varanasi) लगातार लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है। ऐसे समय में दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ अपनी टीम के साथ नाव पर शूटिंग करते नजर आए। आरोप है कि इस दौरान न तो लाइफ जैकेट का इस्तेमाल किया गया और न ही सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन हुआ। इस घटना के सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या सुरक्षा संबंधी नियम सभी पर समान रूप से लागू होते हैं।
कार्रवाई को लेकर उठी मांग
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठने लगा है कि जब आम लोगों के लिए नौका संचालन और बिना लाइफ जैकेट नाव की सवारी पर सख्ती बरती जा रही है, तब इस मामले में प्रशासन (Varanasi) क्या कदम उठाएगा। चर्चा इस बात की भी है कि क्या पुलिस और संबंधित विभाग दिनेश लाल यादव, उनकी टीम और शूटिंग में शामिल नाविकों के खिलाफ नियमों के उल्लंघन की जांच कर कोई कार्रवाई करेंगे या नहीं।
Varanasi: लगातार बढ़ रहा है गंगा का जलस्तर
उधर, लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों से छोड़े जा रहे पानी के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा का जलस्तर लगभग एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ने की जानकारी सामने आई है। बढ़ते जलस्तर का असर अब घाटों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सामनेघाट से नमो घाट (Varanasi) तक स्थित करीब 50 से 60 छोटे मंदिर गंगा के पानी की चपेट में आ चुके हैं, जबकि घाटों के निचले हिस्से भी धीरे-धीरे जलमग्न होने लगे हैं।
प्रशासन ने नौका संचालन पर लगाई रोक
गंगा के तेज बहाव और बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने अगले आदेश तक नौका संचालन और नौकायन पर रोक लगा दी है। प्रशासन ने नाविकों और श्रद्धालुओं (Varanasi) अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नदी के किनारे न जाएं और सभी सुरक्षा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
घाटों पर बढ़ाई गई निगरानी
प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें लगातार विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर रही हैं। जलस्तर पर हर समय नजर रखी जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित आपात स्थिति से समय रहते निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
जहां महिलाओं के सपनों को मिलता है मंच…श्रावणी तीज मेले में दिखी नारी शक्ति की नई तस्वीर
एक ओर गंगा का बढ़ता जलस्तर प्रशासन (Varanasi) के लिए चुनौती बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर कथित तौर पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी के आरोपों ने व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि इस मामले में जांच के बाद प्रशासन क्या रुख अपनाता है और क्या सुरक्षा नियमों का पालन सभी के लिए समान रूप से सुनिश्चित किया जाता है।

