रैली में आन्दोलन के अगले चरण का ऐलान होगा
लखनऊ। राज्य सरकार के विभागों, निगमों, निकायों के कर्मचारी महासंघों और कर्मचारी संयुक्त परिषदों के तत्वाधान में 24 मार्च को राजधानी, लखनऊ में सरोजिनी नायडू पार्क के पास बीएन सिंह प्रतिमा स्थल पर कर्मचारियों का विशाल प्रदर्शन एवं रैली होगी। रैली बिजली कर्मचारियों की हाल में हुई हड़ताल के बाद ऊर्जा मंत्री की घोषणा के विपरीत बिजली कर्मचारियों पर की जा रही निलम्बन, निष्कासन और एफआईआर के विरोध में की जा रही है।
बिजली कर्मियों का उत्पीड़न वापस हो – समझौता लागू करो मंच के संयोजक अमरनाथ यादव ने बताया कि बिजली कर्मियों के उत्पीड़न के विरोध में प्रदेश के सभी कर्मचारी महासंघ और कर्मचारी संयुक्त परिषद एक साथ आ गये हैं। इसके लिए बनाये गये मंच के अध्यक्ष मण्डल में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी, राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सतीश पाण्डे, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष एसपी तिवारी, राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष मनोज मिश्र, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष राम राज दुबे, परिवहन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष गिरीश चन्द्र मिश्र, राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हरिशरण मिश्र, महासंघ के अध्यक्ष कमल अग्रवाल, पंचायती राज महासंघ के अध्यक्ष रामेन्द्र श्रीवास्तव, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष एस.के. रावत और उप्र विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रिंकू राय सम्मिलित हैं। मंच के संरक्षक वरिष्ठ कर्मचारी नेता वीपी मिश्र को बनाया गया है। संयोजक अमरनाथ यादव हैं और सह संयोजक कमलेश मिश्र, रेनू शुक्ल और राममूर्ति यादव को बनाया गया है। अध्यक्ष मण्डल के पदाधिकारियों ने बताया कि मंच का उद्देश्य बिजली कर्मियों का उत्पीड़न समाप्त कराना और ऊर्जा मंत्री के साथ हुए 3 दिसम्बर के समझौते का क्रियान्वयन सुनिश्चित कराना है।
sudha jaiswal