लंका थाना क्षेत्र के सीर गेट के पास देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब BHU युवकों के दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और ईंट-पत्थर चलने लगे। सड़क पर अचानक शुरू हुए बवाल से राहगीरों और दुकानदारों में दहशत फैल गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीर गेट स्थित एक चाय की दुकान पर चार युवक पहले से बैठे हुए थे और आपस में बातचीत करते हुए चाय पी रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिलों से करीब दस युवक वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बाइक से पहुंचे युवकों ने पहले हमला किया, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने भी जवाबी हमला कर दिया।
BHU: देखते ही देखते बढ़ गया विवाद
देखते ही देखते दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे और फिर सड़क किनारे पड़े ईंट-पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला किया गया। अचानक शुरू हुई पत्थरबाजी से आसपास (BHU) के लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। कई दुकानदारों ने भय के चलते अपनी दुकानें बंद कर दीं।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके की ओर रवाना हुई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्ष के युवक वहां से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। सूत्रों के मुताबिक, मारपीट में शामिल दोनों गुट काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के छात्र बताए जा रहे हैं। हालांकि देर रात तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।
थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों (BHU) की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
