Varanasi: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को वाराणसी के रोहनिया विधानसभा क्षेत्र स्थित मंडुआडीह के मांडवी तालाब पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अन्य मंत्री व विधायकों संग मिलकर झाड़ू लगाया और स्वच्छता के प्रति सभी लोगों को जागरूक भी किया।
स्वच्छता अभियान के दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि स्वच्छ भारत ही समृद्ध भारत की पहचान है और प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 5 जून से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण का संदेश दिया जा रहा है। इसके साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान (Varanasi) भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता और हरियाली दोनों ही विकसित भारत की आधारशिला हैं।
Varanasi: 12 वर्षों में किए ऐतिहासिक कार्य
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों (Varanasi) को जनता तक पहुंचाने और लोगों की राय जानने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशवासियों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि नरेंद्र मोदी ने भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले नेताओं में अपनी विशेष पहचान बनाई है।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि वैश्विक परिदृश्य में यह महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है और दुनिया के अधिकांश देशों के साथ भारत के संबंध मजबूत हुए हैं।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, वहां भारत का सम्मान बढ़ता है। उन्होंने दावा किया कि विश्व के अनेक देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया है, जो भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक है।
मांडवी तालाब पर आयोजित कार्यक्रम (Varanasi) में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी सक्रिय भागीदारी की। सभी ने स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

