Dharmendra Pradhan: पेपर लीक विवाद और देश भर में भड़के प्रचंड जन आक्रोश के बीच इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। भारी जनाक्रोश और दिल्ली से लेकर देश भर में जारी छात्रों के प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होने खुद X पर पोस्ट करके प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंपने की जानकारी दी।
अपने इस्तीफे में धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) ने लिखा कि जंतर-मंतर और देश भर में बने हालात को देखते हुए और देश के युवाओं व छात्रों के भविष्य की खातिर वे इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि वे नहीं चाहते कि कोई भी देशविरोधी ताकत इस आंदोलन का फायदा उठाए या देश के बच्चों का भविष्य कानूनी उलझनों में फंसे।
Dharmendra Pradhan ने इस्तीफे में क्या लिखा?
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए अपने पत्र में धर्मेंद्र प्रधान ने भावुक लहजे में अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा कि यह फैसला उन्होंने देश के लाखों युवाओं और छात्रों के हित में लिया है। उनका कहना था कि वे शुरू से ही इस पूरे मामले में जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटे हैं। धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा, “यह मेरे आत्मसम्मान का सवाल नहीं है। मैं नहीं चाहता कि देश का युवा किसी तरह के भ्रम या कानूनी उलझनों में फंसा रहे।” उन्होंने यह अंदेशा भी जताया कि आंदोलन की आड़ में कुछ असामाजिक या देशविरोधी तत्व माहौल न बिगाड़ें, इसलिए वे हट रहे हैं।
आपको बता दें कि नीट (NEET) और यूजीसी-नेट समेत कई अहम परीक्षाओं में हुई धांधली के बाद से ही लगातार शिक्षा मंत्री (Dharmendra Pradhan) के इस्तीफे की मांग की जा रही थी। दिल्ली के जंतर-मंतर और शास्त्री भवन से उठी यह विरोध की आवाज़ देखते ही देखते पूरे देश भर में फैल गई। लाखों छात्रों का गुस्सा सड़कों पर साफ नजर आ रहा था।
अस्सी घाट पर जलकुंभी से गंगा की खूबसूरती पर लगा दाग, नाव संचालन और जलीय जीवन पर भी मंडराने लगा खतरा
हालांकि, सरकार ने सीबीआई जांच और परीक्षा रद्द करने जैसे कदम उठाए थे, लेकिन छात्रों और विपक्ष का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आखिरकार चौतरफा घिरे धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा सौंप दिया। लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है क्या एक शिक्षा मंत्री (Dharmendra Pradhan) का इस्तीफा इस पूरे लीकेज सिस्टम को दुरुस्त कर पाएगा? क्या लाखों पीड़ित छात्रों को उनका हक और टूटा भरोसा वापस मिल सकेगा?

