Varanasi: शहर में छात्र-छात्राओं के लिए एक सुनहरा अवसर आने वाला है। क्वींस कॉलेज में 22 अप्रैल को पुस्तक मेला लगेगा, जिसे खास तौर UP बोर्ड के नौवी से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए लगाया जा रहा है। यह मेला शहर के पीएम श्री राजकीय क्वींस कालेज कैंपस में लगाया जा रहा है। इस दौरान बच्चों को सस्ते दरों में अपने मतलब की अच्छी किताबें आसानी से मिल जाएंगी।
इसके बारे में जानकारी देते हुए DIOS भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस पुस्तक मेले की जिम्मेदारी तीन एजेंसियों को दिया गया है। इनके द्वारा यहाँ स्टॉल लगाये जाएंगे और यहाँ कुल 32 तरह की किताबें उपलब्ध रहेंगी। यह मेला सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक लगा रहेगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमएलसी धर्मेंद्र सिंह होंगे।
Varanasi: अलग-अलग क्लास के लिए लगेंगी कई स्टॉल्स
क्वींस कालेज (Varanasi) के प्रिंसिपल सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कैंपस में अलग-अलग क्लास के लिए कई स्टाल लगाए जा रहे हैं ताकि छात्र-छात्राओं को असुविधा न हो। उन्हें आसानी से सस्ते दरों पर अपनी किताबें मिल जाए। उन्होंने सभी से अपील की है कि जनपद के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य अपने बच्चों को इस पुस्तक मेले से लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करें, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक रूप से राहत मिल सके।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से मनमानी दरों पर बेचीं जा रही कितानों को लेकर कई शिकायतें यूपी बोर्ड के सचिव तक पहुंची थी। उन्हें यह जानकारी मिली कि परिषदीय मूल्यों की तुलना में 149 प्रतिशत से 361 प्रतिशत तक महंगी हैं। इसके बाद सचिव ने 15 अप्रैल तक सभी स्कूलों के निरीक्षण के लिए निर्देश दिया और यह भी कहा कि इसमें जो भी प्रधानाचार्य, प्रबंधक व शिक्षक (Varanasi) जिम्मेदार पाए जाते हैं, उनपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज वाराणसी में पहली बार इस जनपद स्तरीय पुस्तक जागरूकता एवं सुलभता मेला का आयोजन होने जा रहा है, जिसका उद्देश्य निजी प्रकाशकों की महंगी और अनधिकृत पुस्तकों के प्रचलन पर रोक लगाकर विद्यार्थियों को सस्ती दरों पर पुस्तकें सुलभ कराकर अभिभावकों को राहत देना है।

