Varanasi: बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) स्थित सूर्य सरोवर मैदान के सामने आयोजित होने जा रहे तीन दिवसीय ‘सम्राट विक्रमादित्य महोत्सव’ को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह भव्य आयोजन 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम (Varanasi) की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए डीआईजी शिव हरी मीणा समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों के साथ सौम्य और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए तथा सभी आगंतुकों को निर्धारित प्रवेश द्वारों से ही व्यवस्थित रूप से अंदर प्रवेश कराया जाए।

Varanasi:20 हजार लोगों के जुटने की संभावना
प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है, जबकि कुल मिलाकर करीब 20 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
महोत्सव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और हर आने-जाने वाले व्यक्ति की सघन जांच की जाएगी। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष टीम भी तैनात रहेगी, ताकि जाम या अव्यवस्था की स्थिति न बने।

इस महोत्सव में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन, पराक्रम और आदर्शों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाट्य मंचन प्रस्तुत किए जाएंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि इन प्रस्तुतियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे।

