Dalmandi सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत सोमवार को लंगड़ा हाफिज मस्जिद परिसर में सड़क की जद में आए हिस्से को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया। प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच सहमति बनने के बाद कमेटी ने स्वयं प्रभावित निर्माण को हटाने का फैसला लिया। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे मजदूरों की मदद से ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू हुई।
परियोजना से प्रभावित 24 दुकानों को पहले ही खाली करा लिया गया है। मस्जिद कमेटी ने परिसर के पूर्वी हिस्से में इन दुकानों के लिए नए निर्माण का कार्य भी शुरू करा दिया है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि नई दुकानें तैयार होने के बाद सभी प्रभावित दुकानदारों को वहीं स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे उनके कारोबार पर कम से कम असर पड़े।
कई दौर की बातचीत के बाद बनी सहमति
सड़क चौड़ीकरण (Dalmandi) के दौरान प्रशासन ने लंगड़ा हाफिज मस्जिद के उत्तरी हिस्से को प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया था। इसके बाद प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच कई चरणों में बातचीत हुई। आपसी सहमति बनने के बाद सड़क की जद में आए निर्माण को हटाने का निर्णय लिया गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। मौके पर एसीपी अतुल अंजन, एडिशनल सिटी मजिस्ट्रेट, नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा चौक, कोतवाली और दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के करीब 210 पुलिसकर्मियों के साथ दो सेक्शन पीएसी भी तैनात रही।
Dalmandi: छठी मस्जिद में हुआ प्रभावित हिस्से का हटाया जाना
दालमंडी (Dalmandi) सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत कुल छह मस्जिदों के कुछ हिस्से प्रभावित हुए हैं। लंगड़ा हाफिज मस्जिद इस परियोजना के तहत प्रभावित होने वाली छठी मस्जिद है। इससे पहले करीमुल्ला बेग मस्जिद, निसारन मस्जिद, अली रजा खान मस्जिद, संगमरमर मस्जिद और रंगीले शाह मस्जिद की प्रबंधन समितियां भी सड़क चौड़ीकरण की जद में आए हिस्सों को स्वयं हटाकर बाद में उनका नवीनीकरण करा चुकी हैं।
काशी में संतों का प्रदर्शन: बुलडोजर पर 5.5 लाख हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन लेकर पहुंचे डीएम कार्यालय
प्रशासन का कहना है कि दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत प्रभावित धार्मिक स्थलों और व्यापारियों से लगातार संवाद कर आपसी सहमति के आधार पर कार्य कराया जा रहा है। उद्देश्य यह है कि सड़क चौड़ीकरण (Dalmandi) का काम समय पर पूरा हो, स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिले और पूरे कार्य के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहे।
