Mau: शहर कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरजनपदीय महिला गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार ट्राली बैग में भरा कुल 78 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में महिलाओं ने गांजे की खेप झारखंड के रांची से लाकर गोरखपुर में ऊंचे दाम पर बेचने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार महिलाओं में एक पहले भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
80 किलो गांजा चार ट्राली बैग में भरकर लाया गया
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर प्रमेन्द्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ धनतेरस पर्व के मद्देनजर शांति व्यवस्था ड्यूटी पर भीटी चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन महिलाएं रांची से करीब 80 किलो गांजा चार ट्राली बैग में भरकर लाई हैं। वे रेलवे ओवरब्रिज स्थित सेल्फी प्वाइंट के पास सड़क किनारे गोरखपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रही हैं।
तीन संदिग्ध गिरफ्तार
सूचना पर (Mau) पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला पुलिसकर्मियों की मदद से तीनों को पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह की मौजूदगी में ट्राली बैग की तलाशी ली गई तो प्रत्येक बैग में गांजे के सात-सात सीलबंद पैकेट मिले। तौल कराने पर कुल 78 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सुमन (45) पत्नी शैलेन्द्र, कुसुम (25) पुत्री आनंद और रीना (28) पत्नी कन्हैया के रूप में हुई है। तीनों गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र के कूड़ाघाट और गायत्री (Mau) नगर की निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे में सुमन के पास से 39 किलो, कुसुम के पास से 20 किलो और रीना के पास से 19 किलो गांजा मिला।
रांची से लाकर गोरखपुर में बिक्री
पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे रांची से गांजा लाकर गोरखपुर में बेचती थीं। (Mau) पुलिस के मुताबिक, सुमन पूर्व में भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
इस मामले में (Mau) कोतवाली नगर थाने में मु0अ0सं0 306/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद गांजे को सील कर तीनों महिलाओं को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।
ये भी पढ़े:- एंबुलेंस का स्टीकर लगाकर हरियाणा से बिहार पहुंचाई जा रही थी शराब
कार्रवाई करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार द्विवेदी, राजेश कुमार, महिला उपनिरीक्षक सपना सहित कोतवाली पुलिस की टीम शामिल रही।

