स्नातक विधान परिषद सदस्य (MLC) चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने जीत हासिल करने के बाद शनिवार को काशी पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेका. इस दौरान उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर, गणेश मंदिर और दुर्गा मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया. चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद वह तत्काल लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय पहुंचे थे, जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया. इस दौरान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और आगे की रणनीति को लेकर भी चर्चा हुई.
वाराणसी पहुंचने पर बातचीत के दौरान MLC आशुतोष सिन्हा ने कहा कि यह चुनाव हम लोगों के लिए केवल चुनाव नहीं, बल्कि एक बड़ी चुनौती थी. यह वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल था. इसमें शिक्षकों और पढ़े-लिखे मतदाताओं ने हमें विजयश्री दिलाई है. चुनाव परिणाम ने साबित किया है कि काशी के पढ़े-लिखे लोग और शिक्षक समाजवादी पार्टी तथा अखिलेश यादव के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा कि इस चुनाव का संदेश पूरे देश में गया है.
MLC ने अपनी जीत का श्रेय पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को देते हुए सभी का आभार जताया. कहा कि जिस तरह पार्टी के लोगों ने दिन-रात मेहनत कर चुनाव में भागीदारी निभाई और समर्थन जुटाया, उसके लिए वह सभी के आभारी हैं. वर्ष 2026 से ही संगठन को मजबूत करने की शुरुआत हो चुकी है और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है. अब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक बूथ तक पहुंचने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आम लोगों को संगठन से जोड़ने का काम किया जाएगा.
दर्शन-पूजन के लिए नहीं मिल पाया था समय
MLC आशुतोष सिन्हा ने बताया कि चुनाव जीतने के तुरंत बाद उन्हें लखनऊ जाना पड़ा था. इस वजह से वह काशी में मंदिरों में दर्शन-पूजन नहीं कर सके थे. लखनऊ से लौटने के बाद उन्होंने सबसे पहले बाबा विश्वनाथ सहित अन्य मंदिरों में दर्शन कर आशीर्वाद लिया.
MLC ने बनारस की यातायात व्यवस्था पर उठाए सवाल
शहर की यातायात व्यवस्था पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि बनारस गलियों का शहर है, लेकिन अभी तक यहां की यातायात व्यवस्था व्यवस्थित नहीं हो पाई है. प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने के बावजूद लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है. उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान समय बचाने के लिए बाइक से चलना अधिक सुविधाजनक लगा. चार पहिया वाहन से निकलने पर जिस काम को दो घंटे में पूरा किया जा सकता है, उसमें आठ घंटे तक लग सकते हैं. इसी वजह से उन्होंने बाइक से आवागमन को प्राथमिकता दी.
बीएचयू छात्रसंघ बहाली के आंदोलन में शामिल होने की कही बात
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर चल रहे छात्रों के धरना-प्रदर्शन के सवाल पर MLC ने कहा कि चुनाव में व्यस्त रहने के कारण उन्हें इसकी जानकारी नहीं मिल पाई थी. अब बातचीत के माध्यम से इसकी जानकारी मिली है. वह पूरे मामले की जानकारी लेकर छात्रों के बीच जाने का प्रयास करेंगे.
ये भी पढ़ें: छुट्टा सांड के हमले से घायल वृद्ध की इलाज के दौरान हुई मौत
MLC आशुतोष सिन्हा ने कहा कि चुनाव लड़ने के दौरान और जीत के बाद विभिन्न वर्गों के लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें उनके सामने रखी हैं. शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, राज्य कर्मचारियों, मदरसों के शिक्षकों, छात्रसंघ बहाली की मांग कर रहे विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर वह आगे भी आवाज उठाते रहेंगे. उन्होंने कहा कि इन सभी वर्गों की समस्याओं को लेकर उनकी लड़ाई जारी रहेगी.

