उत्तर प्रदेश की पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की सौगात शनिवार को काशीवासियों को मिली और यह Varanasi से नई दिल्ली के बीच चलने वाली यह देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन है। बनारस रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन का शुभारंभ किया।

Varanasi से नई दिल्ली के बीच पहले से दो वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है, लेकिन इनमें कोई भी स्लीपर ट्रेन नहीं थी। नई स्लीपर वंदे भारत को विशेष रूप से रात्रिकालीन यात्रा के लिए आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नई रेल सेवा के शुभारंभ पर सोशल मीडिया के माध्यम से खुशी जताई। उन्होंने कहा कि काशी से प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल होते हुए दिल्ली तक चलने वाली यह ट्रेन श्रद्धालुओं, पर्यटकों, युवाओं और व्यापारियों की यात्रा को सुगम बनाएगी। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा आस्था को अवसर और परंपरा को आधुनिकता से जोड़ने का काम करेगी।
रात में सफर, सुबह दिल्ली पहुंचेंगे यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन Varanasi से रात 8:50 बजे रवाना होगी और प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ तथा गाजियाबाद होते हुए सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:40 बजे प्रस्थान करेगी और गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल तथा प्रयागराज होते हुए सुबह 7:10 बजे Varanasi पहुंचेगी। बताया जा रहा है कि ट्रेन का संचालन सप्ताह में छह दिन किया जाएगा, हालांकि नियमित संचालन की तिथि को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
16 कोच और 1128 यात्रियों की क्षमता
नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित है। इसमें कुल 16 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 11 थर्ड एसी, चार सेकंड एसी और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल है। ट्रेन में कुल 1128 यात्रियों के सफर की व्यवस्था है।

ट्रेन की अधिकतम क्षमता 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक बताई गई है, जबकि प्रारंभिक चरण में इसे 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की योजना है। फर्स्ट एसी कोच में शावर की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा सभी कोचों में सीसीटीवी कैमरे, ऑटोमेटिक दरवाजे और आधुनिक फायर अलार्म सिस्टम लगाए गए हैं।
किराए की भी प्रारंभिक जानकारीरेलवे अधिकारियों के अनुसार, थर्ड एसी का किराया 1,819 रुपये, सेकंड एसी का 2,349 रुपये और फर्स्ट एसी का 2,880 रुपये बताया गया है। पांच प्रतिशत जीएसटी जोड़ने के बाद किराया क्रमशः लगभग 1,910 रुपये, 2,467 रुपये और 3,024 रुपये हो सकता है।
Varanasi को दो मेमू ट्रेनों की भी सौगात
नई स्लीपर वंदे भारत के साथ Varanasi को दो नई मेमू ट्रेनों की भी सौगात मिली है। वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच मेमू ट्रेन का संचालन शुरू किया गया है। यह ट्रेन वाराणसी जंक्शन, बनारस, भुल्लनपुर और हरदत्तपुर रेलवे स्टेशनों से होते हुए राजातालाब पहुंचेगी।
इसके अलावा Varanasi से प्रयागराज रामबाग के बीच भी मेमू ट्रेन की शुरुआत की गई है। रेल मंत्री ने कहा कि इन नई रेल सेवाओं से काशी और प्रयागराज सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों का आवागमन और अधिक सुविधाजनक होगा।
ये भी पढ़ें:- स्नातक MLC चुनाव जीतने के बाद काशी पहुंचे आशुतोष सिन्हा
नई स्लीपर वंदे भारत के शुरू होने से Varanasi और नई दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को तेज, आधुनिक और आरामदायक रात्रिकालीन रेल यात्रा का नया विकल्प मिल गया है।
