Mau: घोसी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच लगातार दूसरे दिन मुठभेड़ होने से इलाके में हलचल मच गई। शुक्रवार को जहां पुलिस की छिनैती के आरोपी से मुठभेड़ हुई थी, वहीं शनिवार की सुबह भी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई। लगातार दो दिनों तक हुई मुठभेड़ों से पुलिस की अपराधियों के खिलाफ सक्रियता भी चर्चा में है।
शनिवार को थाना घोसी पुलिस ने महिला से छिनैती के मामले में वांछित आरोपी सूरज कुमार पुत्र रामानंद, निवासी हरदौल थाना दोहरीघाट, को गोफा पुलिया के पास घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम (Mau) पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए सीएचसी घोसी पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से पीली धातु की एक चैन, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को गोफा शिव मंदिर के पास महिला से छिनैती के मामले में सूरज कुमार के खिलाफ थाना घोसी (Mau) में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गोफा पुलिया के पास घेराबंदी की, जहां आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।
Mau: लगातार दो दिन मुठभेड़ से अपराधियों में हलचल
घोसी क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आने से अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ने की बात कही जा रही है। शुक्रवार को भी घोसी पुलिस (Mau) की छिनैती के आरोपी के साथ मुठभेड़ हुई थी। इसके ठीक अगले दिन शनिवार की सुबह एक बार फिर पुलिस और बदमाशों के बीच गोलीबारी हुई। लगातार दो दिनों की कार्रवाई से घोसी पुलिस की अपराध विरोधी मुहिम को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें:- मां के शव को एकटक निहारते रहे बेटे, चौबेपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सूरज कुमार के खिलाफ घोसी, दोहरीघाट और चिरैयाकोट थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, चोरी का माल रखने, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस (Mau) अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और पूर्व की घटनाओं में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

