Varanasi: सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास पार्क के पास कई दिनों से सड़क पर जमा बारिश और सीवर के गंदे पानी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। सड़क पर पानी इतना जमा है कि नीचे बने गड्ढे दिखाई तक नहीं देते। इसी समस्या के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी के नेता अमन यादव ने ऐसा प्रदर्शन किया कि मौके पर मौजूद लोग देखते रह गए।
अमन यादव पहले सड़क (Varanasi) पर जमा नाले और सीवर के गंदे पानी में उतर गए। इसके बाद उन्होंने वहीं पानी के बीच बाकायदा साबुन लगाया और नहाने लगे। कुछ देर तक वह गंदे पानी में स्नान करते नजर आए। यह देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

अमन यादव का कहना था कि जब जिम्मेदार अधिकारियों को सड़क पर जमा गंदा पानी दिखाई नहीं दे रहा है, तो उन्हें इसी पानी में उतरकर समस्या का अहसास कराने की जरूरत है।
Varanasi: गंदे पानी में ‘स्नान’ के बाद सड़क पर विरोध
साबुन लगाकर नहाने के बाद अमन यादव ने सड़क पर ही अपना विरोध जारी रखा। उनका आरोप था कि रविदास पार्क (Varanasi) के पास सड़क पर कई दिनों से पानी और सीवर की गंदगी जमा है, लेकिन नगर निगम और संबंधित विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर रहे हैं।

उनका कहना था कि पानी के नीचे बड़े-बड़े गड्ढे हैं। आए दिन दोपहिया वाहन चालक और राहगीर गिर रहे हैं, जबकि टोटो पलटने की घटनाएं भी हो रही हैं। स्कूली बच्चों और मरीजों को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
बस आई तो उसके आगे लेट गए अमन यादव
इसी बीच प्रदर्शन के दौरान एक बस वहां से गुजर रही थी। अमन यादव अचानक उसके सामने सड़क पर लेट गए और वाहन को आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद मौके पर हंगामा बढ़ गया। अमन यादव ने भारी वाहनों के आवागमन का विरोध करते हुए कहा कि नगर निगम की भारी गाड़ियां भी सड़क की खराब हालत के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पहले से जर्जर है और भारी वाहनों के लगातार गुजरने से स्थिति और खराब हो रही है।

अमन यादव ने प्रशासन (Varanasi) पर तंज कसते हुए कहा कि सड़क पर कई दिनों से बारिश और सीवर का पानी जमा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो लोगों को सड़क पर चलने के बजाय तैरकर निकलना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग सामान्य सड़क नहीं है। इसी रास्ते से लोग बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर और आईआईटी बीएचयू की ओर जाते हैं। ऐसे में मरीजों और उनके तीमारदारों को गंदे पानी और गड्ढों के बीच से गुजरना पड़ रहा है।

अमन यादव ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस स्थान के आसपास हाल (Varanasi) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समरसता यात्रा का शुभारंभ किया था, आज उसी इलाके में लोग बारिश और सीवर के गंदे पानी से जूझ रहे हैं।
ये भी पढ़ें:- घोसी में लगातार दूसरे दिन बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़
अमन यादव ने जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, महापौर और संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहले सड़क से गंदा पानी हटाया जाए, फिर गड्ढों की मरम्मत कराई जाए और बंद पड़े सीवर चैंबर व मैनहोल की जांच कराई जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ और भारी वाहनों का आवागमन नहीं रोका गया तो समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता (Varanasi) बड़े आंदोलन और चक्का जाम के लिए मजबूर होंगे।

