Mau: चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सरसेना हत्याकांड में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गुरुवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। असलपुर पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी रानीपुर भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, चिरैयाकोट (Mau) पुलिस और स्वाट टीम गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर असलपुर पुलिया के पास संदिग्धों की तलाश में घेराबंदी कर रही थी। इसी दौरान टीम ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज कुमार उर्फ टाइगर (27) पुत्र सोहनराम, निवासी सराय धनेश, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह चिरैयाकोट थाने (Mau) में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
Mau बारात के विवाद में हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को ग्राम अमिरहा में बारात के दौरान गोलू कुमार, हंसराज उर्फ गोल्डी और अनीश कुमार के बीच मारपीट को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद 14 सितंबर को अनीश कुमार (22) अपने साथी गोल्डी के साथ मोटरसाइकिल से जलालाबाद से घर लौट रहा था। आरोप है कि सरसेना पेट्रोल पंप से आगे काझा की ओर पहले से घात लगाए आरोपियों ने दोनों को घेर लिया और अनीश कुमार को गोली मार दी। घटना में उसकी मौत हो गई थी।
ये भी पढे: सोनभद्र: 50 लाख की अंतरराज्यीय गांजा तस्करी
इस मामले में चिरैयाकोट थाने (Mau) में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। गिरफ्तार नीरज के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5), 103(1), आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(वी) के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

