Varanasi: मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित मडौली तिराहे के पास सोमवार की तड़के लगभग 10 बिस्वा से ज्यादा क्षेत्र में बने रवि पंखा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गोदाम में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया और गोदाम की पक्की दीवारों में गंभीर दरारें आ गईं। हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर पहुँचे मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगम्बर उपाध्याय,फायर ऑफिसर भेलूपुर विनोद कुमार पांडेय,फायर ऑफिसर चेतगंज दीपक कुमार सिंह की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के मकानों को खाली करा दिया है।

फायर ऑफिसर भेलूपुर विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की लगभग दर्जन भर गाड़ियां व 45 जवान जान जोखिम में डालकर लगे हुए हैं। बताया कि इस आग को बुझाने के लिए बनारस (Varanasi) में पहली बार 22 हजार लीटर की क्षमता वाले वाटर बाउजर (अग्निशमन वाहन) का उपयोग करके आग पर लगातार 25 से 30 मिनट तक पानी की भारी बौछार किया जा रहा है लेकिन आग बड़ी है जिसके कारण बेसमेंट,फर्स्ट फ्लोर व सेकंड फ्लोर की दीवारें बुरी तरह से फट गई है।जवानों के जान की सुरक्षा का ख्याल रखकर ही आग बुझाया जा रहा है।

सुरक्षा गार्ड ने तड़के 4 बजे दी जानकारी
सोमवार की भोर में गोदाम पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने सबसे पहले परिसर से धुआं और आग की लपटें उठती देखी तो इसकी सूचना गोदाम मैनेजर अनादि शंकर गुप्ता व फायर ब्रिगेड को दी। यह गोदाम द स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष राजीव जयपुरिया व उनके भाई संजीव जयपुरिया का बताया जा रहा है।मौके पर पहुँचे उद्यमी राजेश भाटिया ने बताया कि आगजनी की इस बड़ी घटना से गोदाम मालिक (Varanasi) पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं।

केमिकल और थिनर के ड्रमों ने बढ़ाई आग की भयावहता
घटनास्थल (Varanasi) पर पहुँचे फायर ऑफिसर भेलूपुर विनोद कुमार पांडेय व फायर ऑफिसर चेतगंज दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गोदाम में बड़ी संख्या में नवनिर्मित पंखे और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली कच्ची सामग्री रखी हुई थी। इसके अलावा, पंखों की फिनिशिंग और पेंटिंग में इस्तेमाल होने वाले थिनर,साल्वेंट तारपीन,ग्रीस व केमिकल से भरे काफी संख्या में ड्रम भी गोदाम के अंदर मौजूद थे। केमिकल के संपर्क में आने के कारण आग ने बेहद विकराल रूप ले लिया, जिससे परिसर में रह-रहकर धमाके होती रही। जिसके कारण गोदाम की दीवारों में दरारें पड़ गईं।संभावना है कि इस अग्निकांड में लगभग 25 करोड़ रुपये के आसपास के सामान और मशीनरी का नुकसान हुआ है।

Varanasi: इलाके को किया सील
आग की विभीषिका और गोदाम के ढहने की आशंका को देखते हुए मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगम्बर उपाध्याय ने पूरे इलाके को सील कर दिया और सुरक्षा के तौर पर नजदीकी आवासीय भवनों से लोगों को बाहर निकाला।
ये भी पढ़ें:- तेज रफ्तार कार की टक्कर से लालपुर-पांडेयपुर थाने के हेड कांस्टेबल गंभीर घायल
भीषण आग को बुझाने के लिए एक बड़ी कम्पनी व कोल्ड स्टोरेज से भी कई टैंकर पानी मंगाया गया।आग को बुझाने के लिए पानी की किल्लत चर्चा का विषय बनी रही। भीषण आग (Varanasi) के कारण रह-रहकर हो रहे धमाके अनहोनी की आशंका पैदा करते रहे। कभी इमारत से शीशे चटकने की आवाज तो कभी दीवार फटने की आवाज आती रही। रह-रहकर गोदाम के अंदर से भी धमाके की आवाजें आती रही।

