प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर आएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी नमो घाट पहुंचकर भव्य एयर शो देखेंगे। इसके बाद वह जेन-जी यानी युवा पीढ़ी के साथ संवाद करेंगे। कार्यक्रम में करीब 30 हजार युवाओं के शामिल होने की तैयारी है।
जींस-टीशर्ट में पहुंचेंगे 30 हजार युवा
भाजपा नेताओं के मुताबिक, पीएम मोदी के जेन-जी संवाद में 18 से 25 वर्ष की उम्र के करीब 30 हजार युवा शामिल होंगे। कार्यक्रम को युवाओं के अनुकूल बनाने के लिए इसमें शामिल होने वाले युवाओं के लिए जींस और टी-शर्ट का ड्रेस कोड प्रस्तावित किया गया है।
युवाओं के साथ पीएम मोदी (PM Modi) के संवाद के लिए बीएचयू या संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में से किसी एक स्थान को चुने जाने की तैयारी चल रही है। अंतिम स्थान को लेकर तैयारियां और व्यवस्थाएं जारी हैं।
नमो घाट पर राफेल समेत 90 फाइटर जेट दिखाएंगे करतब
पीएम मोदी (PM Modi) 25 अक्टूबर की सुबह काशी पहुंच सकते हैं। इसके बाद वह नमो घाट जाएंगे, जहां एयर शो का आयोजन प्रस्तावित है। एयर शो में राफेल समेत करीब 90 फाइटर जेट और अन्य विमान आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे।
बताया जा रहा है कि एयर शो में शामिल होने वाले फाइटर जेट बाबतपुर एयरपोर्ट और प्रयागराज से उड़ान भरेंगे। पीएम मोदी अंतिम दिन यानी 25 अक्टूबर को नमो घाट से इस एयर शो को देखेंगे।
PM Modi के साथ कई बड़े चेहरे रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के भी मौजूद रहने की संभावना है।
पीएम (PM Modi) के दौरे और एयर शो को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन तैयारियों में जुट गया है। भाजपा की क्षेत्रीय, जिला और महानगर इकाई को कार्यक्रम से जुड़ी जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।
ये भी पढ़ें:- कचहरी-संदहा मार्ग पर चला बुलडोजर, छह मशीनों से ध्वस्तीकरण
काशी में प्रस्तावित एयर शो 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाना है। अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) स्वयं नमो घाट पहुंचकर एयर शो देखेंगे। पीएम के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।

