नुवाव के पास हादसे के बाद हाईवे पर आधे घंटे तक यातायात बाधित, हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार, क्रेन से हटाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन
Varanasi: लंका थाना क्षेत्र के नुवाव में बृहस्पतिवार शाम हाईवे पर ब्रेक फेल होने से एक हाईवा अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। हाईवा के अचानक सड़क पर रुकने से पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक उसमें जा भिड़ा। हादसे में ट्रक चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायलों को रोहनिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हाईवा मोहनसराय से रामनगर (Varanasi) की ओर जा रहा था। शाम के समय नुवाव के पास पहुंचते ही अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने हाईवा को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वाहन बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। हाईवा सड़क पर रुकने के कारण पीछे से आ रहे ट्रक चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और ट्रक सीधे हाईवा से टकरा गया। टक्कर के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रक में सवार लोगों को चोटें आईं।

टक्कर के बाद हाईवे पर लगी वाहनों की कतार
हादसे के बाद (Varanasi) हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों वाहनों के सड़क पर खड़े होने से आवागमन प्रभावित हो गया और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से भाग निकला, जिससे उसकी तलाश और वाहन से संबंधित जानकारी जुटाने की कार्रवाई की गई।

क्रेन से हटाए गए दोनों वाहन, सामान्य हुआ आवागमन
सूचना मिलने पर लंका पुलिस (Varanasi) मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण हाईवे पर आवागमन बाधित होने की स्थिति को देखते हुए एनएचएआई के कर्मचारियों को बुलाया गया। कर्मचारियों ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद हाईवे पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका और जाम में फंसे वाहनों को आगे निकलने का रास्ता मिला।

ये भी पढ़े:- जूली गौंड से मिले सपा नेता, न्याय की लड़ाई में हर संभव सहयोग भरोसा
लंका थाना (Varanasi) प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि नुवाव के पास हाईवा का ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ है। पीछे से ट्रक टकराने के कारण तीन लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल करा दिया गया है।

