Election 2027: सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस और गठबंधन के अन्य सहयोगियों को बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने साफ कहा कि गठबंधन में किस दल को कितनी सीटें मिलती हैं या कौन सी सीट किसके हिस्से में जाती है, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण साझा तौर पर जीत सुनिश्चित करना है।
अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “जब मकसद साफ हो, तो हाथ जुड़ जाते हैं, जब नजर मंजिल पर हो, तो सफर आसान हो जाता है।” उन्होंने कहा कि गठबंधन के लिए सीटों का बंटवारा अपने आप में सबसे बड़ी बात नहीं है। असली प्राथमिकता मिलकर चुनाव लड़ने और गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने की होनी चाहिए।
फिर दोहराया, बात सीट की नहीं जीत की
सपा अध्यक्ष ने अपने संदेश में दो टूक कहा, “बात सीट की नहीं, जीत की है।” उन्होंने यह भी कहा कि यह जीत (Election 2027) केवल गठबंधन में शामिल राजनीतिक दलों की नहीं होगी, बल्कि उन सभी लोगों की संयुक्त कोशिश का परिणाम होगी जो लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उनके संदेश में गठबंधन की एकजुटता को सीटों के बंटवारे से ऊपर रखने का संकेत दिया गया है।
Election 2027: सांप्रदायिकता के खिलाफ साझा संघर्ष का जिक्र
अखिलेश यादव ने गठबंधन के संघर्ष को सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ाई से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि प्रयास यह होना चाहिए कि सांप्रदायिकता फिर कभी सिर न उठा सके। साथ ही लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा को भी इस संघर्ष का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा से लोकतंत्र, संविधान या आरक्षण को कोई नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।
सामाजिक सद्भाव और खुशहाली पर जोर
अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने देश में सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत (Election 2027) करने की बात भी कही। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश में सौहार्द फिर से मजबूत होगा और देश तरक्की तथा खुशहाली की दिशा में आगे बढ़ेगा। पोस्ट के अंत में उन्होंने “जय संविधान-जय हिंदुस्तान” का नारा भी लिखा।
अक्टूबर में सीट शेयरिंग पर फैसला
अखिलेश यादव का यह संदेश ऐसे समय आया है जब सपा और कांग्रेस के बीच 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Election 2027) को लेकर सीट बंटवारे की चर्चा तेज है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि सीट शेयरिंग पर फैसला अक्टूबर में किया जाएगा। कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश में 150 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की बात भी सामने आई है।
सीटों की बातचीत से पहले संदेश के मायने
औपचारिक बातचीत से पहले अखिलेश यादव के बयान ने सीट बंटवारे की चर्चा के केंद्र में गठबंधन की एकजुटता और साझा लक्ष्य को ला दिया है। अब अक्टूबर में होने वाली बातचीत में सीटों की संख्या और हिस्सेदारी के साथ यह भी अहम होगा कि दोनों दल साझा चुनावी रणनीति और तालमेल का कौन सा फार्मूला तय करते हैं।
ये भी पढ़ें:- मिशिगन से काशी पहुंचे जैक्सन, चाचा की अस्थियों का गंगा में किया विसर्जन
अखिलेश के संदेश ने साफ कर दिया है कि आने वाली बातचीत सिर्फ सीटों की संख्या तय करने तक सीमित नहीं होगी। गठबंधन के भीतर सीटों की दावेदारी अपनी जगह है, लेकिन साझा लक्ष्य, तालमेल और चुनावी रणनीति (Election 2027) पर सहमति भी उतनी ही महत्वपूर्ण होगी। अक्टूबर की बातचीत इसी संदेश को व्यावहारिक रूप देने की अगली परीक्षा होगी।

