Nikay Chunav Voting: वाराणसी में एक ओर जहां शांतिपूर्ण तरीके से मतदान चल रहा है, वहीं वाराणसी में कोतवाली जोन के अंतर्गत लोहटिया स्थित हरिश्चंद्र इंटरमीडिएट कॉलेज के बाहर भाजपा प्रत्याशी पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई।
दरअसल वार्ड नंबर 66 के भाजपा पार्षद पद के प्रत्याशी मतदान केंद्र के अंदर अपने समर्थकों के साथ खड़े थे। मतदान केंद्र का निरीक्षण करने आए कोतवाली थानों की फोर्स और पीएसी के जवानों ने उन्हें परिसर से बाहर जाने के लिए कहा। जिसके बाद पार्षद प्रत्याशी समर्थकों संग पुलिस से उलझ गए। वाद- विवाद 10 मिनट तक चलता रहा। बाद में वहां उपस्थित मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी और वोट देने आए लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इस घटना का पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें पार्षद प्रत्याशी एक राज्य मंत्री का नाम लेकर पुलिस पर अपना रौब दिखा रहे हैं।

