वाराणसी। काशी में बोट रैली प्रतियोगिता चल रही है। जो कि 20 जनवरी तक चलेगी। इसके समाप्त होने के दो दिन बाद CNG बोट रैली का आयोजन होगा। 22 जनवरी को ‘काशी के रंग, ऊर्जा के संग’ थीम के साथ नमो घाट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन करेंगे। इस दौरान उनके साथ कार्यक्रम में केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी भी उपस्थित रहेंगे।
नमो घाट से होगी शुरुआत
22 जनवरी को शाम साढ़े 4 बजे से CNG बोट रैली की शुरुआत नमो घाट से होगी। यह जत्था रविदास घाट तक जाएगा। बीच में 3 जगहों पर 5-5 मिनट के इंटरवल भी होंगे। यह CNG बोट रैली पूरे डेढ़ घंटे की होगी।
इसके बाद नमो घाट से क्रूज बोट पर सवार होकर CM योगी और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी दशाश्वमेध घाट जाएंगे। यहां पर मां गंगा की विश्व प्रसिद्ध संध्या आरती में शामिल होंगे।
इसके बाद CM और केंद्रीय मंत्री क्रूज से ही चेतसिंह घाट पर पहुंचेंगे। यहां पर वे लेजर शो की भव्यता को निहारेंगे। इसके बाद वापस नमो घाट आकर संगीत के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।