गाजीपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा ने सभी जाति, धर्म और मजहब को जोड़ने का कार्य किया है। कांग्रेस पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस यात्रा से पूरे भारत को पैदल चलकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा ‘7 सितंबर, 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई। यह 3,570 किलोमीटर लंबी, 150 दिवसीय पदयात्रा है। जो देश भर के 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेश को कवर करते हुए कश्मीर तक जा रही है। जिसमें राहुल गांधी दिन में लोगों से मिल रहे हैं और जोड़ रहे हैं, जिसका फल जल्द ही देशहित में मिलने वाला है।

दरअसल, पूर्व मंत्री अजय राय ने अपने गृह जनपद गाजीपुर का गुरूवार को तुफानी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक किया। इसके साथ ही उन्होंने नेपाल प्लेन क्रैश पीड़ितों से मिलकर उनकी पीड़ा समझी। उन्होंने सरकार से प्रत्येक परिवार को 50 लाख रुपए और हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील राम, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, अमिताभ अनिल दुबे, रवि कांत राय, जनक कुशवाहा, आनंद राय, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह मुन्ना,सुनील साहू ,संदीप विश्वकर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।
विमान दुर्घटना में मृतक के परिजनों के साथ खड़ी कांग्रेस
पूर्व मंत्री अजय राय गुरूवार को कासिमाबाद क्षेत्र के अलावलपुर पहुंचकर पिछले 15 जनवरी को नेपाल के पोखरा में विमान दुर्घटना में मृतक चारो पीड़ितो के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी। अजय राय ने कहा कि चारों मृतकों के शवों को आदरपूर्वक जल्द से जल्द गाजीपुर लाया जाए। इसके लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष जिलाधिकारी से मिलेंगे।

उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रत्येक मृतकों को 50 – 50 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी की व्यवस्था की जाए। क्योंकि ये सभी अपने परिवार की रीढ़ की हड्डी थे।
शिवपूजन राय ने नहीं झुकने दिया तिरंगा
मलसा स्थित शिवपूजन इंटरकालेज का 83 वां वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया । छात्र छात्राओं ने विभिन्न तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि इस विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र को जो बुलंदी हासिंल किया है,निश्चित ही काबिलेतारीफ है। कहा कि इस धरती ने शिवपूजन राय जैसे बहादुर दिए जिन्होंने तिरंगा झुकने नहीं दिया। जबकि शहीद वीर अब्दुल हमीद ने पाक के टैंक को उड़ा दिया। कई ऐसे बहादुर है जिन्होंने अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया। अजय राय ने कहा कि मैने कभी जिले व गांव की मिट्टी का अपमान नहीं होने दिया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अशोकनाथ तिवारी,प्रधानाचार्य डाक्टर अरविन्द, प्रबंधक शैलेन्द्र कुमार राय, उप प्रधानाचार्य विजय शंकर राय, सतीश कुमार राय आदि मौजूद रहे। संचालन रत्नेश कुमार राय ने किया।

