Varanasi: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी की जयंती के अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इंग्लिशिया लाइन स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।
इस मौके पर अजय राय ने कहा, “आज पंडित जी की जयंती पर कांग्रेसजन यह संकल्प लेते हैं कि वे नफरत की राजनीति को खत्म करेंगे और पंडित जी के आदर्शों का पालन करते रहेंगे।”
अजय राय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान केवल एक प्रोपेगेंडा है, जो जनता को गुमराह करने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि जब कोई व्यक्ति एक बार सदस्य बन चुका है, तो उसे बार-बार सदस्य बनाने का क्या औचित्य है?

मुख्यमंत्री योगी के संत वाले बयान पर अजय राय ने कहा कि संतों को आदरणीय माना जाता है, लेकिन गेरुआ वस्त्र पहनकर झूठ बोलना और लोगों को भ्रमित करना, संतों की प्रतिष्ठा को कम करता है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा बुलडोजर के दुरुपयोग पर दिए गए निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि बुलडोजर का गलत तरीके से इस्तेमाल हो रहा था, और उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में भी इसे द्वेषपूर्ण गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
Varanasi: अजय राय ने IIT-BHU की घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
अजय राय ने आईआईटी बीएचयू की छात्रा से गैंगरेप के आरोपियों को जमानत मिलने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों को जेल से बाहर निकलते समय फूल-मालाओं से सम्मानित करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा, “इस तरह की घटनाओं के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने अपराधियों का मनोबल बढ़ा दिया है, जिससे महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं, और अपराधियों को खुलेआम सम्मान मिल रहा है।”

