Mahrashtra Election: महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (MVA) के गठबंधन में सीट बंटवारे पर विवाद बना हुआ है। शिवसेना (उद्धव), एनसीपी (शरद पवार), और कांग्रेस के बीच पहले 85-85 सीटों पर सहमति बनने की खबर थी। हालाँकि, गुरुवार को शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा कि उनकी पार्टी 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
राउत के इस बयान पर महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने प्रतिक्रिया दी, उन्होंने कहा कि गठबंधन में सबकुछ सही चल रहा है और सीट बंटवारे का अंतिम फॉर्मूला गुरुवार शाम या शुक्रवार सुबह तक घोषित किया जाएगा। कांग्रेस ने पहले ही कुछ उम्मीदवारों को 20 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन भरने का निर्देश दे दिया है, जिनकी जीत की संभावना प्रबल है।
Mahrashtra Election: 20 को होगा चुनाव
महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के लिए 20 नवंबर को चुनाव होने हैं। 23 अक्टूबर को MVA के तीनों दलों ने 85-85 सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया था, बाकी सीटों पर अभी चर्चा जारी है। हालाँकि, एक दिन बाद, शिवसेना (उद्धव) के संजय राउत ने कहा कि कुछ सीटों की अदला-बदली हो सकती है और शिवसेना 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
इसके साथ ही, उद्धव ठाकरे ने 23 अक्टूबर को 65 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें उनके बेटे आदित्य ठाकरे को वर्ली से प्रत्याशी बनाया गया है। कोपरी पाचपखाडी से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ केदार दिघे को टिकट दिया गया है। कांग्रेस और एनसीपी (शरद पवार) की सूची अभी जारी होना बाकी है।