वाराणसी। शहर में जाम अब आम हो गया है। शहर के मुख्य मार्गों की कोई सड़क ऐसी नहीं है कि जहां जाम न लगता हो। शहर के इंगलिशिया लाइन, मलदहिया, लहुराबीर, मैदागिन, मछोदरी, विशेश्वरगंज, राजघाट, कज्जाकपुरा आदि जगहों पर जाम की समस्या से गुरुवार को पब्लिक परेशान रही।
लोगों को 5-10 किमी की दूरी तय करने में घंटों लग गए। शहर में कई जगहों पर अतिक्रमण, तो कई जगहों पर चल रहे विकास कार्य के कारण जाम लगा। मैदागिन चौराहे पर बेतरकीब तरीके से खड़े ऑटो व ई-रिक्शा के कारण जाम लगे रहे। वाहन चालक कहीं भी बीच रोड पर गाड़ी खड़ी कर लोगों को बैठाने व उतारने लगे। यही हाल इंगलिशिया लाइन और लहुराबीर का भी रहा।

वहीँ कज्जाकपुरा में चल रहे आरओबी के निर्माण के लिए बीच रोड पर खुदाई की गई है। इस कारण यहां रोड की चौड़ाई काफी कम हो गई है। इसी वजह से यहां लगातार जाम लग रहा है। खुदाई के कारण यहां पर धूल का गुब्बार भी उड़ रहा है। जिसके कारण लोगों का यहां चलना दूभर हो जा रहा है। अधिकांश लोग कज्जाक्पुरा के बजाय शहर के भीतरी मार्ग से अपने गंतव्य को जाना पसंद कर रहे हैं।शहर के भीतरी मार्गों (राजघाट-मैदागिन) पर वाहनों का लोड बढ़ गया है। इसी कारण यहां जबरदस्त जाम लग रहा है।