Varanasi News: वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक MSc की छात्रा का शव खून से सना कंबल में ढाबे पर बरामद हुआ। छात्रा सुबह कॉलेज के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात उसका शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने ढाबा संचालक और प्रबंधन से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन 12 घंटे बीतने के बावजूद किसी की गिरफ्तारी न होने से मृतका के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
गुरुवार की सुबह आक्रोशित परिजनों ने छात्रा का शव वाराणसी-प्रयागराज हाईवे (Varanasi News) पर रखकर चक्का जाम कर दिया। हाईवे के दोनों ओर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और करीब तीन घंटे तक हालात तनावपूर्ण बने रहे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और ढाबे पर बुलडोजर चलाया जाए।
जाम के चलते करीब 300 वाहन, जिनमें 200 से ज्यादा बड़े और 100 छोटे वाहन शामिल थे, घंटों फंसे रहे। ऑफिस, स्कूल और जरूरी कामों पर निकलने वाले लोग बुरी तरह परेशान हुए। कुछ वाहन चालकों ने सर्विस रोड से निकलने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने वह रास्ता भी बंद कर दिया।
Varanasi News: पुलिस अफसरों के समझाने के बाद खुला जाम
स्थिति बिगड़ती देख डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन परिजन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद एडिशनल सीपी शिव हरी मीणा ने घटनास्थल (Varanasi News) पर पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम को हटाया गया।
जाम खुलने के बाद ग्रामीण छात्रा के शव को आदलपुर स्थित शवदाह घाट ले गए, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान लगभग तीन घंटे तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
हत्या की इस वारदात ने इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस फिलहाल ढाबे के सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल (Varanasi News) के आसपास के सुरागों की जांच कर रही है। परिजन चाहते हैं कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।

