Varanasi: बनारस और पान — दोनों का रिश्ता सदियों पुराना है। यहाँ की गली-गली में पान की खुशबू रची-बसी है, और “एक बीड़ा बनारसी” तो जैसे शहर की पहचान बन चुकी है। लेकिन अब वक्त बदल गया है। पान खाकर सड़क या घाट पर थूकना अब “शान” नहीं बल्कि “जुर्म” बन गया है।
दरअसल, वाराणसी नगर निगम (Varanasi) ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नई स्वच्छता नियमावली लागू की है। इस नियमावली में कुल 43 तरह के उल्लंघनों के लिए अलग-अलग जुर्माने तय किए गए हैं। इन्हीं में एक है —“पान खाकर सार्वजनिक स्थल पर थूकना”, जिसके लिए ₹250 का जुर्माना तय किया गया है।
Varanasi: 250 में पड़ा 10 रुपये का पान
इस नियम का पहला असर मंगलवार को अस्सी घाट पर दिखा। घाट के पास एक पानवाले ने बीड़ा लगाकर सड़क किनारे पान थूका ही था कि वहीं तैनात नगर निगम की स्वच्छता टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर ही ₹250 का चालान काटा गया। देखते ही देखते यह वाकया लोगों में चर्चा का विषय बन गया।

नगर निगम (Varanasi) के अधिकारियों का कहना है कि यह मुहिम अब पूरे शहर में चलायी जाएगी। मुख्य सफाई निरीक्षक (CSI) ने बताया कि घाटों से लेकर मुख्य बाजारों और सरकारी दफ्तरों के बाहर तक निगरानी बढ़ाई जा रही है। जगह-जगह CCTV कैमरे भी लगाए जा रहे हैं ताकि गंदगी फैलाने वालों को पहचानकर कार्रवाई की जा सके।
बनारस (Varanasi) के अस्सी घाट पर हुई यह कार्रवाई शहरवासियों के लिए एक सख्त संदेश है — अब पान की लाल थूक से दीवारें रंगना या घाट गंदा करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

