Varanasi: कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार में शनिवार शाम बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। फॉर्च्यूनर सवार युवक ने यूपी कॉलेज छात्र की बाइक को टक्कर मारने के बाद करीब 700 मीटर तक घसीटते हुए अर्दली बाजार चौकी तक पहुंचा दिया। घटना से नाराज़ छात्रों और राहगीरों ने कार पर पथराव कर दिए, जिससे वाहन के शीशे टूट गए।

बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर चला रहा युवक चंदौली के धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ‘खलनायक’ का बेटा है। वाहन अजय सिंह की पत्नी मीरा सिंह के नाम पर पंजीकृत है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने चालक को भीड़ से सुरक्षित निकाला।
Varanasi: पुलिस ने चौकी के पास रोकी कार
कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा के मुताबिक शाम करीब चार बजे यूपी कॉलेज गेट के सामने चौबेपुर (Varanasi) के छितौनी निवासी छात्र आशुतोष सिंह की हीरो स्ट्रीम बाइक की टक्कर फॉर्च्यूनर से हुई। कहासुनी के बाद कार चालक ने बाइक को वाहन में फंसा लिया और महावीर मंदिर से अर्दली बाजार चौकी तक घसीटता ले गया। पुलिस ने चौकी के पास कार रोक ली।

घटना से रास्ते पर जाम लग गया। पुलिस लाइन से क्रेन बुलाकर दोनों वाहनों को कैंट थाने (Varanasi) भेजा गया। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बात कराई गई। चूंकि दोनों छात्र थे और किसी को चोट नहीं पहुंची, इसलिए परिजनों की मौजूदगी में समझौता हो गया। इस वजह से मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। फिलहाल दोनों वाहन थाने में खड़े हैं और हालात सामान्य बताए जा रहे हैं।

इधर, चौबेपुर थाना (Varanasi) क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे एडिशनल सीपी (अपराध) राजेश कुमार सिंह ने गो-तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। हाल ही में रिंग रोड स्थित बभनपुरा पुल के पास गो-तस्करी में शामिल एक वाहन के हादसे में तीन गोवंश की मौत और दो के घायल होने के मामले पर उन्होंने नाराजगी जताई। जांच में लापरवाही पाए जाने पर चौबेपुर थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर किया गया। साथ ही रिंग रोड पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

