Varanasi Chaubepur: माघ पूर्णिमा के अवसर पर प्रयागराज में गंगा स्नान के लिए जा रहे पश्चिम बंगाल के पांच दोस्तों की कार शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। वाराणसी–गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडापुर के पास उनकी हुंडई i10 कार को पीछे से ओवरटेक कर रहे एक अज्ञात ट्रेलर ने दाहिनी ओर जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही कनक (32) पुत्र बूलू बैसों की मौत हो गई।

Varanasi: घायल ट्रामा सेंटर में भर्ती
अन्य चार घायलों का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर (Varanasi) में चल रहा है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों की पहचान परितोष पुत्र विजय, संजय पुत्र प्रभात, दीपांकर पुत्र लक्ष्मी और मदन देवदास पुत्र सिकील, सभी निवासी शीतलकुची, जिला कूच बिहार (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मृतक कनक मछली बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जबकि पत्नी दुलाली का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रेलर चालक ने लापरवाही से पास लेते समय कार को टक्कर मारी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। थाना अध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि फरार ट्रेलर (Varanasi) की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

