शहर के कई चौक चौराहों को विकसित कर उसका सुन्दरीकरण वीडीए (VDA) द्वारा किया जा रहा है। इसी सुंदरीकरण अभियान के तहत प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर भव्य ‘शंख चौराहा’ का निर्माण किया जा रहा है। मोहनसराय में स्थित इस चौराहे पर दो मंजिला मकान जितनी ऊंचाई और ट्रक जितनी लम्बाई के आकर में शंख को स्थापित किया जायेगा। साथ ही शंख के चरों तरफ छह खंभे भी होंगे, जिस पर त्रिशुल, बैल लगे होंगे। यह शहर में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति के लिए आकर्षण का केंद्र भी होगा
वीडीए (VDA) के सुन्दरीकरण अभियान में शहर के प्रमुख चौराहों का सुन्दरीकरण किया जा रहा है। इसी बीच मोहनसराय में भी “शखं चौराहा” बनाया जा रहा है। इस चौराहे को गोलंबर का रूप दिया जायेगा। जिसके बीच विशाल शंख को स्थापित किया जायेगा। जिसकी लम्बाई 8 मीटर और ऊंचाई 6 मीटर होगी।
VDA: मकराना पत्थर से बनेगा शंख
प्रोजेक्ट मैनेजर विनय कुमार (VDA) ने बताया कि शंख का निर्माण लखनऊ में चल रहा है। जिसको मकराना पत्थर से तैयार किया जा रहा है। इस शंख को स्थापित करने के लिए करीब 15 मीटर का मजबूत प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है। साथ ही प्लेटफॉर्म के आसपास छह पिलर होंगे। जिसमें डमरू-त्रिशूल, नंदी, फरसे के साथ त्रिशूल, शंख और नमस्ते करते हुए हाथ की आकृतियां भी शामिल होंगी। इससे चौराहा काशी की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएगा।
इसके अलावा चौराहे को आकर्षक बनाने के लिए डेकोरेटिव पिलर, झरना और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे रात में इसकी भव्यता और निखर कर सामने आएगी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज से वाराणसी आने वाले श्रद्धालु इसी मार्ग से बड़ी संख्या में शहर में प्रवेश करते हैं। ऐसे में यह चौराहा काशी का प्रमुख प्रवेश द्वार बनकर उभरेगा।
इस चौराहे के अलावा शहर के 50 से अधिक चौराहों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर नंदी, त्रिशूल और अन्य प्रतीक चिह्न स्थापित किए जा चुके हैं। हाल ही में हुई वीडीए (VDA) बैठक में बरेका के सहयोग से कई चौराहों पर कार्य शुरू कराया गया है।

