Varanasi: शहर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित उदय प्रताप कॉलेज में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कॉलेज परिसर के अंदर घुसकर एक छात्र को गोली मार दी गई। इस हमले में गंभीर रूप से घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे कैंपस में आक्रोश और दहशत का माहौल फ़ैल गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मृतक छात्र के सीने में एक या दो नहीं बल्कि कुल आठ गोलियां दागी। चार गोली छात्र के सीने पर और चार गोली सिर पर लगी।

मृतक छात्र की पहचान सूर्य प्रताप सिंह (20) के रूप में हुई है, जो बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था और गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र के दुबैठा गांव का निवासी था। गोली लगने के बाद उसे तुरंत BHU ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन की संख्या में आरोपी परिसर में पहुंचे थे, जिसमें से एक गोली चला रहा था जबकि दो उसके सहयोगी के रूप में वहां मौजूद थे।
Varanasi: जानिए क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, सूर्य प्रताप सिंह का कुछ छात्रों से पहले से विवाद चल रहा था। शुक्रवार की सुबह इस विवाद हिंसक रूप ले लिया और आरोपित छात्र ने परिसर में घुसकर सूर्य प्रताप पर फायरिंग कर दी। हमलावर भी कॉलेज (Varanasi) का ही छात्र है, जिसकी पहचान मंजीत चौहान के रूप में हुई है और वह वाराणसी के चांदमारी क्षेत्र का रहने वाला है।

इस मामले को लेकर प्रत्यक्षदर्शी सर्वेश पांडेय ने बताया कि सूर्य प्रताप और मंजीत का आपसी कुछ विवाद चल रहा था। जिसके बाद मंजीत अपने साथियों के साथ परिसर में आया और सूर्य प्रताप के सिर और सीने पर फायरिंग कर दी और उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि यह फायरिंग कॉलेज प्राचार्य के सामने ही हुई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

बताते चलें कि घटना के बाद गुस्साए छात्रों ने कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया और जमकर हंगामा किया। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन (Varanasi) पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। आक्रोशित छात्रों ने आसपास के दुकानों को भी बंद करा दिया और इतना ही नहीं परिसर में जमकर विरोध करते हुए न्याय की गुहार लगाई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस कमिश्नर, अपर पुलिस कमिश्नर, एसीपी समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। साथ ही एहतियातन पीएसी बल भी बुलाया गया, जिससे पूरे कॉलेज परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में करने की कोशिश की और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आरोपियों (Varanasi) को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

