Sonbhadra: दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव के पास बीती रात हुए सड़क हादसे में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेढ़ा गांव निवासी संदीप कुमार यादव (24) पुत्र स्वर्गीय रामकेश यादव अपने रिश्तेदार बुआ के घर सनडीहा (झारखंड) से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे जाबर गांव स्थित एक होटल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद युवक किसी तरह घायल अवस्था में अपने घर (Sonbhadra) पहुंचा, लेकिन घर के दरवाजे पर ही वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा।
Sonbhadra: परिवार में छाया मातम
परिजनों ने आनन-फानन में उसे रात करीब 12 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सुनील ने प्राथमिक उपचार के बाद चेहरे और सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी हालत नाजुक बनी रही और शनिवार तड़के करीब 4 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक (Sonbhadra) की मौत से परिवार में मातम छा गया है।
मृतक अपने पीछे डेढ़ वर्ष का मासूम बच्चा छोड़ गया है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में हादसे को लेकर गहरा दुख व्याप्त है।

