- डीएम ने कई विद्युत उपकेंद्रों का किया औचक मुआयना
- मौके पर फोर्स तैनात लेकिन सबस्टेशन का स्टाफ नदारद
वाराणसी। बिजली विभाग की हड़ताल को देखते हुए जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने शुक्रवार को कई विद्युत उपकेंद्रों का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सबस्टेशनों पर पुलिस और प्रशासन के कर्मचारियों की लगायी गयी ड्यूटी और तैनाती का हाल जाना। उन्होंने कहा है कि जिला प्रशासन और पुलिस कमिश्नरेट के अफसर और कर्मचारी पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के साथ सख्ती से निबटेंगे।

डीएम ने इमलिया घाट स्थित खण्ड-5 के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर मुआयने के वक्त वहां सिर्फ पुलिसकर्मी मिले जबकि ऑपरेटर नहीं था। उसके बाद वह पन्नालाल पार्क उपकेंद्र पहुंचे। वहां भी ऑपरेटर नहीं था और मात्र सिक्यूरिटी की दृष्टि से फोर्स तैनात मिली। नगरीय विद्युत वितरण खंड (द्वितीय) चौकाघाट में भी कमोवेश यही स्थिति दिखी। इसी क्रम में श्री राजलिंगम सिगरा स्थित त्रिनेत्र कमांड सेंटर पहुंचे। वहां से सभी विद्युत स्टेशनों की मानिटरिंग की जा रही है। एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि विद्युत उपकेंद्रों पर जिला प्रशासन द्वारा तैनात कर्मचारियों की मौजूदगी की जांच की जा रही है। प्रत्येक विद्युत सबस्टेशन पर पुलिस फोर्स तैनात है। किसी उपकेंद्र पर यदि कोई विद्युतकर्मी ड्यूटी पर है तो वहां तैनात फोर्स को सबस्टेशन की सुरक्षा के साथ ही साथ उस बिजली कर्मचारी की भी सुरक्षा करनी है।

