Varanasi: भीषण गर्मी और लू की मार झेल रही काशी में सोमवार देर रात अचानक मौसम ने करवट ले ली। रात करीब तीन बजे तेज आंधी के साथ हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन धूलभरी आंधी ने शहर की रफ्तार भी प्रभावित कर दी। मौसम विभाग ने आगामी 28, 29 और 30 मई को आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार इन दिनों हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
रात में चली तेज हवाओं के कारण Varanasi के कई इलाकों में धूल और मिट्टी का गुबार फैल गया। आसमान में बादल भी छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हो सकी। मंगलवार रात भी तेज हवाओं का दौर जारी रहा। देर रात तक वातावरण में धूल उड़ती रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि तेज हवाओं के कारण तापमान में कुछ गिरावट महसूस की गई।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसका असर पूर्वांचल समेत Varanasi क्षेत्र में भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मंगलवार सुबह सूर्योदय के समय हवा की रफ्तार घटकर 44 किलोमीटर प्रति घंटे से लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे पर पहुंच गई। इसके बाद धूप तेज होने लगी और तापमान में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई। सुबह छह बजे तक तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन दोपहर 12 बजे तक पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।
मंगलवार को Varanasi का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम था। दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल रखा। दोपहर में सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और लोग गर्मी से बचने के लिए छांव और ठंडे स्थानों का सहारा लेते नजर आए।
Varanasi नगर निगम तथा विद्युत विभाग को अलर्ट
मौसम विभाग (Varanasi) की चेतावनी के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है। तेज आंधी और संभावित भारी बारिश को देखते हुए नगर निगम तथा विद्युत विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पेड़ों की कमजोर डालियों, बिजली के तारों और होर्डिंग्स को लेकर भी निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि आंधी और बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें, कमजोर पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें तथा आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। किसानों को भी मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। यदि मौसम विभाग का अनुमान सही साबित होता है तो आने वाले दिनों में काशीवासियों को तपिश से काफी राहत मिल सकती है।

