Hot Weather: भीषण गर्मी और उमस का असर अब गंगा घाटों और नाव संचालन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण दोपहर के समय घाटों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। हालत यह है कि नाविक समाज के लोग अब दोपहर में नाव संचालन पूरी तरह बंद कर दे रहे हैं।

नाविकों का कहना है कि पिछले चार-पांच दिनों से मौसम खराब होने के कारण पहले ही कामकाज प्रभावित था। अब तेज गर्मी और लू जैसे हालात ने उनकी परेशानियां और बढ़ा दी हैं। दोपहर में न तो पर्यटक घाटों की ओर रुख कर रहे हैं और न ही लोग इस भीषण गर्मी (Hot Weather) में नाव से गंगा विहार करना चाह रहे हैं। इसके चलते गंगा में नावों की संख्या काफी कम हो गई है और अधिकतर नावें घाट किनारे बंधी नजर आ रही हैं।
Hot Weather: घाटों पर पसरा सन्नाटा
अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट और अन्य प्रमुख घाटों पर दोपहर के समय सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ देखने को मिल रही है। जहां शाम के समय घाटों पर पर्यटकों की चहल-पहल रहती है, वहीं दोपहर में घाट लगभग सुनसान दिखाई दे रहे हैं। नाविक समाज के लोगों ने बताया कि तेज धूप (Hot Weather) में नाव चलाना काफी मुश्किल हो जाता है। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण नाविकों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दोपहर में नाव संचालन बंद रखना पड़ रहा है।

नाविकों ने कहा कि शाम ढलने के बाद मौसम थोड़ा सामान्य होता है, तब पर्यटक गंगा आरती देखने और नाव विहार के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। इसी दौरान उन्हें कुछ आमदनी हो पाती है। नाविकों का कहना है कि गर्मी का सीधा असर उनकी रोजी-रोटी पर पड़ रहा है।
भीषण गर्मी के चलते घाटों की रौनक फीकी पड़ती नजर आ रही है और नाविक समाज भी मौसम (Hot Weather) के बदले मिजाज से प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

