भव्य रंगोली, दीपों की रोशनी और आतिशबाजी के बीच मां गंगा की आरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भक्ति में सराबोर हुआ पूरा वातावरण
Varanasi: देव दीपावली के पावन अवसर पर जय मां गंगा सेवा समिति की ओर से मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन किया गया। आरती के दौरान घाट पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मां गंगा की आरती, दीपों की जगमगाहट, रंग-बिरंगी आतिशबाजी और श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। चारों ओर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे, जिससे काशी की आध्यात्मिक छटा और दिव्यता देखते ही बन रही थी।
अलौकिक दृश्य को कैद करते नजर आए श्रद्धालु
गंगा आरती (Varanasi) के दौरान श्रद्धालु मां गंगा की भक्ति में लीन नजर आए। आरती की लौ, घंटियों की गूंज और मंत्रोच्चार के बीच लोगों ने मां गंगा के दर्शन किए और पुण्य अवसर पर आशीर्वाद प्राप्त किया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के लिए यह दृश्य बेहद अद्भुत और अविस्मरणीय रहा। बड़ी संख्या में लोग अपने मोबाइल फोन और कैमरों में आरती के इस अलौकिक दृश्य को कैद करते नजर आए। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने काशी की देव दीपावली के इस नजारे को देखकर अभिभूत होकर इसे अपने जीवन का यादगार पल बताया।

कलात्मक रंगोलियों के आसपास दीप जलाए गए
समिति की ओर से घाट (Varanasi) पर विभिन्न प्रकार की आकर्षक रंगोलियां भी बनाई गई थीं। रंगोलियों में बाबा विश्वनाथ, मां काली, मां गंगा की आरती, भगवान श्रीराम सहित विभिन्न धार्मिक आकृतियों को उकेरा गया था। इन कलात्मक रंगोलियों के आसपास दीप जलाए गए, जिससे उनकी सुंदरता और निखर उठी। रंगों और दीपों से सजी आकृतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।

ये भी पढ़े:- कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था के रंग में रंगी काशी, गंगा स्नान और दीपदान के लिए के उमड़े श्रद्धालु
घाट की सीढ़ियों पर भी दीपों की कतार सजाई गई थी। गंगा आरती (Varanasi) के ठीक सामने सीढ़ियों पर जलते दीपों ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, मानो धरती पर सितारे उतर आए हों। आरती के दौरान जमकर आतिशबाजी की गई। आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी और घाटों पर जलते हजारों दीपों के बीच मां गंगा की आरती ने देव दीपावली के उत्सव को और भव्य बना दिया। पूरा घाट श्रद्धा, आस्था और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया।

