पहली बार 2100 ड्रोन से हुआ भव्य प्रदर्शन, भगवान शिव, श्रीकृष्ण, जगन्नाथ और काशी की धार्मिक विरासत की आकृतियां देखकर गूंजे हर-हर महादेव के जयघोष
Varanasi: धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में मंगलवार को देव दीपावली का उत्सव इस बार तकनीक और परंपरा के अद्भुत संगम का गवाह बना। गंगा के ऊपर आसमान में करीब 2100 ड्रोन के माध्यम से भव्य प्रदर्शन किया गया। ड्रोन शो में काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ भगवान भोलेनाथ की महिमा को बेहद आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। आसमान में एक के बाद एक उभरती आकृतियों को देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। घाटों पर मौजूद लाखों लोगों के बीच हर-हर महादेव और ओम नमः पार्वती पतये, हर-हर महादेव के जयघोष गूंजने लगे।

काशी (Varanasi) में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित ड्रोन शो को देखने के लिए श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह रहा। गंगा के ऊपर आसमान में सैकड़ों नहीं, बल्कि करीब 2100 ड्रोन एक साथ अपनी रोशनी से अलग-अलग आकृतियां बनाते नजर आए। कभी भगवान भोलेनाथ की दिव्य छवि दिखाई दी तो कभी काशी की आध्यात्मिक पहचान और धार्मिक कथाओं को आसमान में जीवंत किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें भी ड्रोन के माध्यम से प्रदर्शित की गईं। इन आकृतियों को देखकर श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ जयघोष किया।

मोबाइल फोन और कैमरों में तस्वीर कैद करते श्रदालु
ड्रोन शो में भगवान श्रीकृष्ण और भगवान जगन्नाथ की आकर्षक आकृतियां भी आसमान में उभरीं। धार्मिक प्रतीकों और पौराणिक प्रसंगों के प्रदर्शन ने लोगों को विशेष रूप से आकर्षित किया। जैसे ही आसमान में कोई नई आकृति बनती, घाटों (Varanasi) पर मौजूद लोग अपने मोबाइल फोन और कैमरों से उस पल को कैद करने में जुट जाते। कई लोग परिवार के साथ इस अद्भुत नजारे को देखते नजर आए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में ड्रोन शो को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।

आसमान में ड्रोन से बनती धार्मिक छवियाँ
इस भव्य आयोजन की खासियत यह रही कि इसे काशी (Varanasi)के सभी 84 घाटों से देखा जा सका। गंगा के दोनों किनारों पर मौजूद श्रद्धालुओं के लिए आसमान में बनती रोशनी की आकृतियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। घाटों पर दीपों की जगमगाहट और ऊपर आसमान में ड्रोन से बनती धार्मिक छवियों ने देव दीपावली की भव्यता को कई गुना बढ़ा दिया।

ये भी पढ़े:- जय मां गंगा सेवा समिति की आरती से जगमगाया घाट, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठी काशी
काशी (Varanasi) की देव दीपावली में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल होने से यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गया। परंपरागत दीपोत्सव के बीच आधुनिक तकनीक से प्रस्तुत की गई काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत ने देश-विदेश से आए पर्यटकों को भी आकर्षित किया। गंगा के ऊपर रोशनी से सजा आसमान और घाटों पर उमड़ा जनसैलाब इस वर्ष की देव दीपावली का सबसे बड़ा आकर्षण बन गया।

