चर्चित वेब सीरीज़ ‘Raktanchal‘ के तीसरे सीज़न के प्रमुख कलाकार निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा गुरुवार को वाराणसी पहुंचे। काशी आगमन पर दोनों कलाकारों ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर आगामी सीज़न की सफलता और देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर दर्शन के दौरान दोनों कलाकार पारंपरिक अंदाज में नजर आए। उन्होंने मंदिर परिसर में कुछ समय बिताया और बाबा के दरबार में मत्था टेककर आध्यात्मिक अनुभूति साझा की। दर्शन के बाद उन्होंने काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ के दरबार में आकर उन्हें विशेष ऊर्जा और सकारात्मकता का अनुभव हुआ। गौरतलब है कि ‘Raktanchal सीज़न-3’ का निर्देशन ऋतम श्रीवास्तव ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा सिद्धार्थ मिश्रा ने लिखी है। इस वेब सीरीज़ का निर्माण जार मोशन पिक्चर्स के बैनर तले किया गया है।
Raktanchal सीज़न-3 में ये हैं कलाकार
सीज़न-3 में क्रांति प्रकाश झा, निकितिन धीर, करण पटेल, माही गिल, राजेश कुमार और विक्रम कोचर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। पहले दो सीज़न की सफलता के बाद दर्शकों को तीसरे सीज़न का बेसब्री से इंतजार है। माना जा रहा है कि इस बार कहानी और भी अधिक रोमांच, सत्ता संघर्ष और दमदार अभिनय से भरपूर होगी।
काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के दौरान मौजूद श्रद्धालुओं और प्रशंसकों ने कलाकारों का गर्मजोशी से स्वागत किया। कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। कलाकारों ने भी प्रशंसकों का अभिवादन करते हुए उनके स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। बॉलीवुड और ओटीटी कलाकारों का काशी आगमन लगातार बढ़ रहा है। किसी नई फिल्म या वेब सीरीज़ Raktanchal की शुरुआत अथवा रिलीज़ से पहले बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने की परंपरा भी तेजी से लोकप्रिय हो रही है। इसी कड़ी में ‘रक्तांचल सीज़न-3’ की टीम के कलाकारों ने भी बाबा के दरबार में हाजिरी लगाकर अपनी नई प्रस्तुति की सफलता की कामना की।



