Sonbhadra: चोपन थाना क्षेत्र के गुरुदेव आश्रम गुरमुरा के पास वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर गुरुवार अल सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब एक डीजे सेट से लदी मैजिक वाहन पीछे से हाईवे किनारे खड़े अज्ञात वाहन में जा घुसी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीजे सेट मैजिक दुद्धी में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रही थी। गुरमुरा स्थित गुरुदेव आश्रम के पास पहुंचते ही चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर मोड़ पर खड़े अज्ञात वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए।
दो युवकों की मौके पर मौत
हादसे में 32 वर्षीय मनोज कुमार मौर्य पुत्र स्व. रामध्यान मौर्य निवासी एआरटीओ दफ्तर समीप लोढ़ी, रॉबर्ट्सगंज तथा 36 वर्षीय श्याम बाबू पुत्र रामदुलारे निवासी छपका की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना (Sonbhadra) के बाद मनोज कुमार का शव वाहन में बुरी तरह फंस गया, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
हादसे में मैजिक चालक चंदन गुप्ता (42) पुत्र राजकुमार निवासी चुर्क, शिवा (21) पुत्र राजमन निवासी छपका तथा विनय कुमार (21) पुत्र स्व. शिव प्रसाद निवासी गढ़वाल, दुद्धी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची चोपन पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन (Sonbhadra) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद शिवा और विनय को घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक चंदन गुप्ता को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
Sonbhadra: पुलिस ने शुरू की अज्ञात वाहन की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना (Sonbhadra) में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। चोपन थाना के उपनिरीक्षक विनोद यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मृत्यु हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
