करीब ढाई दशक पहले चौबेपुर के छितौना गांव में Nana Patekar की फिल्म ‘आंच’ की शूटिंग का जबरदस्त क्रेज था। मोबाइल और सोशल मीडिया के दौर से पहले शूटिंग की खबर ही आसपास के गांवों से लोगों को खींच लाती थी। बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे कुछ छात्र पढ़ाई और दुकान का काम छोड़कर शूटिंग देखने पहुंच गए थे। चौबेपुर के आफताब अहमद बताते हैं कि शूटिंग देखने जाने पर घरवालों की डांट और मार भी खानी पड़ी थी, लेकिन नाना पाटेकर को कैमरे के सामने अभिनय करते देखने का रोमांच आज भी याद है।
शूटिंग से पहले पहुंचते, आठ घंटे करते थे मेहनत
उस समय ‘आंच’ के प्रोडक्शन से जुड़े रहे और वर्तमान में भोजपुरी फिल्म निर्माता-निर्देशक चंद्रावती निवासी अविनाश त्रिपाठी बताते हैं कि Nana Patekar शूटिंग से पहले ही लोकेशन पर पहुंच जाते थे और 8-8 घंटे मेहनत करते थे। भूख लगने पर दोपहर में चना का होरहा खाते थे। रात में शूटिंग होती तो बाटी-चोखा बड़े ताव से खाते थे।
Nana Patekar के साथ दिग्गज कलाकारों से सजी थी ‘आंच’
वर्ष 2003 में रिलीज हुई ‘आंच’ का निर्देशन राजेश कुमार सिंह ने किया था। फिल्म में Nana Patekar, परेश रावल, सुचिंद्र बाली, शर्बानी मुखर्जी, आयशा झुल्का, पूनम झावर, अखिलेंद्र मिश्रा, निर्मल पांडे, अरुण बख्शी, दीप राज राणा, रघुवीर यादव और विश्वजीत प्रधान प्रमुख भूमिकाओं में थे। राखी सावंत भी विशेष भूमिका में नजर आई थीं।
ये भी पढ़ें:- पितरों की शांति के लिए कोरिया से काशी पहुंचे यात्री, विधि-विधान से किया पूजन
फिल्म की शूटिंग पूर्वांचल के अकोढा, कमरपुर और छितौना जैसे ग्रामीण इलाकों में हुई थी। छितौना में जुटी भीड़ और गांव के बीच कैमरे के सामने Nana Patekar की मौजूदगी की यादें करीब ढाई दशक बाद भी स्थानीय लोगों के जेहन में ताजा हैं।
