Varanasi: सोमवार शाम अचानक बदले मौसम ने वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हवाई सेवाओं को प्रभावित कर दिया। तेज आंधी और कम दृश्यता के कारण वाराणसी पहुंचीं तीन फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो सकी। सुरक्षा के मद्देनजर एटीसी ने तीनों विमानों को लखनऊ डायवर्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम बेंगलुरु और हैदराबाद से उड़ान भरने वाली तीन फ्लाइट वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंचीं। लेकिन उस समय मौसम काफी खराब था। तेज हवाओं और कम दृश्यता के कारण पायलटों को लैंडिंग में दिक्कत हुई।
बेंगलुरु से वाराणसी (Varanasi) आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 6596 शाम करीब 5:45 बजे वाराणसी एयरस्पेस में पहुंची। मौसम अनुकूल नहीं होने पर विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और उसे लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया।
इसके कुछ देर बाद बेंगलुरु से ही आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1540 करीब 5:55 बजे वाराणसी पहुंची। विमान ने कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाया, लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने के कारण इसे भी लखनऊ भेज दिया गया।
वहीं, हैदराबाद से वाराणसी आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 501 करीब 6:10 बजे वाराणसी हवाई क्षेत्र (Varanasi) में पहुंची। खराब मौसम के चलते इसकी भी लैंडिंग नहीं हो सकी और विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया।
यात्रियों के साथ परिजनों को भी करना पड़ा इंतजार
तीनों विमानों के डायवर्ट होने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ गई। कई परिजन अपने परिचितों और रिश्तेदारों को लेने के लिए पहले ही एयरपोर्ट (Varanasi) पहुंच चुके थे। फ्लाइट के लखनऊ डायवर्ट होने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
इसके अलावा इन विमानों से आगे यात्रा करने वाले यात्रियों को भी एयरपोर्ट पर फ्लाइट के दोबारा आने का इंतजार करना पड़ा।
रात 7:30 बजे के बाद सामान्य हुआ मौसम
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार शाम अचानक तेज हवाओं के कारण दृश्यता प्रभावित हुई थी। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तीनों विमानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया।
ये भी पढ़ें:- वाराणसी MLC चुनाव में भाजपा और सपा प्रत्याशियों का नामांकन, मुद्दों को लेकर किए बड़े दावे
अधिकारियों ने बताया कि रात करीब 7:30 बजे के बाद मौसम में सुधार हुआ और वाराणसी एयरपोर्ट (Varanasi) पर विमानों की लैंडिंग दोबारा शुरू हो गई। लखनऊ डायवर्ट किए गए विमानों के भी मौसम सामान्य होने के बाद वाराणसी लौटने की उम्मीद जताई गई।

