Varanasi: लंका थाना क्षेत्र में जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बजबजा प्लांट के पास चल रहे कथित जुए के अड्डे पर छापेमारी की। लंका इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पहुंची भारी पुलिस फोर्स ने मौके पर घेराबंदी कर जुआ खेल रहे करीब 20 लोगों को पकड़ लिया। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने पकड़े गए लोगों के कब्जे से लाखों रुपये नकद और ताश की गड्डियां बरामद करने का दावा किया है।
बताया जा रहा है कि बजबजा प्लांट के आसपास लंबे समय से जुआ खेले जाने की सूचना लंका थाने की पुलिस को मिल रही थी। स्थानीय स्तर पर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जुए के अड्डे पर कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार को लंका इंस्पेक्टर के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और चारों तरफ से घेराबंदी कर दी।
Varanasi: लाखों रूपये नकद बरामद
पुलिस टीम को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। हालांकि पुलिसकर्मियों (Varanasi) ने मौके से किसी को भागने का मौका नहीं दिया और घेराबंदी कर करीब 20 लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद मौके की तलाशी ली गई, जिसमें जुए में लगाई गई नकदी और ताश की गड्डियां बरामद हुईं। बरामद नकदी की गिनती पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार बरामद रकम लाखों रुपये में बताई जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बजबजा प्लांट (Varanasi) के आसपास लंबे समय से जुआ खेले जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं। पुलिस की कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की बात कही है।
ये भी पढ़ें:- तहरीर के बाद भी रिपोर्ट के इंतजार में पुलिस कार्रवाई, बार-बार उठ रहे सवाल
लंका पुलिस (Varanasi) पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जुए का यह अड्डा कौन संचालित कर रहा था और यहां नियमित रूप से कौन-कौन लोग जुआ खेलने के लिए पहुंचते थे। बरामद नकदी और अन्य सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

