Sonbhadra: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत पिपरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 क्विंटल 85 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा एक्सयूवी, दो नंबर प्लेट और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में पकड़े गए दोनों आरोपियों को मीडिया के सामने पेश करते हुए कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर की रात पिपरी पुलिस टीम मुर्धवा-रनटोला मार्ग (Sonbhadra) पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुर्धवा से करीब दो किलोमीटर आगे एक महिंद्रा एक्सयूवी पुलिस टीम को देखकर पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगी। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
दोनों युवकों की ली गई तलाशी
वाहन में सवार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पिछली सीट के नीचे और डिग्गी में प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 195 पैकेटों में कुल 2.85 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। जांच में वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाए जाने की बात भी सामने आई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर महोबा पहुंचाने के लिए निकले थे। इसके बदले उन्हें 20-20 हजार रुपये प्रति चक्कर दिए जाने की बात तय हुई थी। पुलिस (Sonbhadra) के अनुसार आरोपियों ने इससे पहले भी एक-दो बार गांजा पहुंचाने की बात बताई है। रास्ते में पुलिस चेकिंग देखकर आरोपियों ने वाहन को जंगल की ओर ले जाकर कुछ समय के लिए छिपा दिया था।
Sonbhadra: गिरफ्तारी आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश अहिरवार (23), निवासी बजरंग चौक, गांधीनगर, महोबा और महिपाल पाल (23), निवासी कबरई, महोबा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना पिपरी में मु0अ0सं0 186/2026, धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 318(4), 336(2), 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें:- लंका में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, पकड़े गए 20 जुआरी
पुलिस (Sonbhadra) के मुताबिक पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

