Sonbhadra: ऊपर कोल्ड ड्रिंक की पेटियां और नीचे अंग्रेजी शराब की खेप। लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की आड़ में शराब की अंतरराज्यीय तस्करी का खुलासा करते हुए सोनभद्र पुलिस ने 625 पेटियों में भरी 9,588 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार, शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये है, जबकि ट्रक, कोल्ड ड्रिंक और दो मोबाइल फोन समेत कुल बरामदगी का मूल्य लगभग 93 लाख रुपये आंका गया है। मामले में हिमाचल प्रदेश निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

चुर्क स्थित पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गिरफ्तार आरोपियों और बरामदगी के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस, एसओजी और हिन्दुआरी, चुर्क व लोढ़ी चौकी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

दस्तावेजों की पड़ताल में खुला राज
14 और 15 अक्टूबर की मध्यरात्रि शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व के मद्देनजर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर (Sonbhadra) पुलिस टीम ने पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की ओर सड़क से हटकर मैदान में खड़े एक ट्रक की जांच की। ट्रक के केबिन में बैठे दो व्यक्तियों ने अपना नाम नसीब चन्द राजपूत (40) और कृष्णपाल राजपूत (38) बताया। उन्होंने ट्रक में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक लदी होने की बात कहते हुए इनवॉइस और बिल भी दिखाए।पुलिस के मुताबिक, दस्तावेजों में माल दिल्ली से झारखंड भेजे जाने का उल्लेख था, जबकि दोनों ने माल हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से लादकर लाने की बात कही। दस्तावेजों और बयानों में अंतर मिलने पर ट्रक की तलाशी ली गई। इस दौरान कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।

Sonbhadra: तीन श्रेणियों में मिलीं शराब की 625 पेटियां
एसपी के अनुसार, ट्रक से रॉयल स्टैग की 750 एमएल वाली 407 पेटियों में 4,884 शीशी और 180 एमएल वाली 58 पेटियों में 2,784 शीशी शराब बरामद हुई। वहीं, रॉयल ग्रीन की 750 एमएल वाली 160 पेटियों में 1,920 शीशी मिलीं। इस तरह कुल 625 पेटियों में 9,588 शीशी शराब बरामद की गई। शराब की बोतलों पर ‘ओनली फॉर पंजाब सेल’ अंकित था। (Sonbhadra) पुलिस का कहना है कि आरोपी शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

शराब के अतिरिक्त लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की 1,275 यूनिट, एक ट्रक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। (Sonbhadra) पुलिस ने दोनों आरोपियों को देर रात गिरफ्तार किया। पुलिस शराब की खेप के स्रोत, ट्रक के स्वामी की भूमिका और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

हिमाचल प्रदेश के निवासी हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार नसीब चन्द राजपूत पुत्र रामदेव राजपूत ग्राम जामली, थाना बिलासपुर, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश का निवासी है। वहीं, कृष्णपाल राजपूत पुत्र दिलाराम ग्राम एवं पोस्ट काथला, थाना स्वारघाट, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है। इस मामले में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली (Sonbhadra) में मुकदमा दर्ज कर आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस शराब की खेप के स्रोत, ट्रक के स्वामी की भूमिका और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

एसपी ने पुलिस टीम को दिया दस हजार का ईनाम
कार्रवाई में रॉबर्ट्सगंज (Sonbhadra)थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध बनारसी यादव, एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा, हिन्दुआरी चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह, चुर्क चौकी प्रभारी धर्मनारायण भार्गव और लोढ़ी चौकी प्रभारी उमाशंकर यादव समेत रॉबर्ट्सगंज थाना और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
यह भी पढ़े:- खड़े ट्रक में घुसी कार, राजस्व निरीक्षक की मौत
एसपी ने पुलिस टीम को इस उपलब्धि के लिए दस हजार का ईनाम की घोषणा किया। पत्रकार वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा रहे।

