Sonbhadra: राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सजौर गांव के समीप गुरुवार सुबह हाईटेंशन तार की चपेट में आने से ट्रक के खलासी की झुलसकर मौत हो गई। चावल उतारने के बाद ट्रक के केबिन पर चढ़कर तिरपाल रख रहा खलासी ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
Sonbhadra: तिरपाल रखते समय हुआ हादसा
मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र के अवधि खुर्द गांव निवासी ट्रक चालक राजेश दुबे पुत्र मोतीलाल दुबे ने बताया कि बुधवार रात वह ट्रक में चावल लादकर सजौर गांव के पास पहुंचा था। वहां सड़क किनारे ट्रक (Sonbhadra) खड़ा कर दिया गया। गुरुवार सुबह चावल उतरने के बाद ट्रक का 30 वर्षीय खलासी विनोद विश्वकर्मा तिरपाल समेटकर केबिन में रखने के लिए ऊपर चढ़ा था।
इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसने लगा। खलासी को करंट की चपेट में आया देख चालक ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण (Sonbhadra) मौके पर जुट गए। लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
ये भी पढ़ें: कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपी थी 65 लाख की शराब
मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक की मदद से झुलसे खलासी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
