Sonbhadra: गुजरात के बनासकांठा निवासी युवक को शादी का झांसा देकर कथित तौर पर फर्जी विवाह कराने, उससे 1.60 लाख रुपये जबरन वसूलने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में रायपुर पुलिस ने बुधवार को एक महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 6,920 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में एक आरोपी की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Sonbhadra: एक आरोपी पहले जा चुका पकड़ा
रायपुर थाना प्रभारी विजय कुमार चौरसिया के अनुसार बनासकांठा निवासी राजेश कुमार ने तहरीर देकर बताया कि करीब पांच माह पूर्व उसकी मुलाकात मिर्जापुर निवासी मधु पांडेय से हुई थी। राजेश तलाकशुदा हैं और दूसरी शादी के लिए युवती की तलाश कर रहे थे। आरोप है कि मधु ने अच्छी लड़की से शादी कराने का भरोसा देकर दो लाख रुपये की मांग की। इसके बाद उसने राजेश को तीन युवतियों की तस्वीरें भेजीं, जिनमें नेहा पांडेय नाम की युवती पसंद आने पर दोनों के मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान कराया गया।
शिकायत के मुताबिक मधु के बुलाने पर राजेश अपने बड़े भाई के साथ वाराणसी के टेंगरा मोड़ पहुंचे। इसके बाद नौ सितंबर को राबर्ट्सगंज (Sonbhadra) और 10 सितंबर को मधु के साथ खलियारी बाजार पहुंचे। आरोप है कि खलियारी के एक मंदिर में राजेश और नेहा के फेरे कराकर शादी की रस्म पूरी कराई गई। इसके बाद मधु और उसके साथ मौजूद लोगों ने दो लाख रुपये की मांग की और कथित रूप से धमकी देकर 1.60 लाख रुपये ले लिए।
ये भी पढ़ें:- इस कॉलोनी में घुटने तक भरा पानी, लोग गिरकर हो रहे चोटिल
राजेश के अनुसार शादी की रस्म पूरी होने के बाद आरोपियों ने उसे मिठाई लेने खलियारी बाजार भेज दिया। वापस लौटने पर दुल्हन समेत सभी आरोपी मौके से फरार मिले। तहरीर (Sonbhadra) के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी महिला को राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के हिंदुआरी गांव के पास से गिरफ्तार किया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

