UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में पोस्टर वॉर थमने का नाम नहीं ले रहा है। उपचुनाव और सरकार पर चल रहे सियासी हमलों के बीच, काशी में समाजवादी पार्टी (सपा) का एक नया पोस्टर सामने आया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पोस्टर में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भगवान कृष्ण और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अर्जुन के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जो महाभारत के प्रसिद्ध दृश्य को दर्शाता है।
पोस्टर में गीता के श्लोक भी लिखे गए हैं और साथ ही “संकल्प 2024, लक्ष्य 2027” का संदेश दिया गया है, जो आगामी लोकसभा और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की ओर इशारा करता है। सपा छात्रसभा के महानगर प्रवक्ता आलोक सौरभ द्वारा लगाए गए इस पोस्टर के बाद कचहरी चौराहे और सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस शुरू हो गई है।
UP Politics: समर्थक की इच्छा – 2027 में बहुमत से बने सपा की सरकार
आलोक सौरभ पांडेय ने बताया कि इस पोस्टर का उद्देश्य 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का है, ताकि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री पद की शपथ लें। उन्होंने कहा कि इस समय उत्तर प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी के कारण हर वर्ग परेशान है, और सपा के साथ कांग्रेस का गठबंधन भी सक्रिय है, इसलिए राहुल गांधी को योद्धा के रूप में दिखाया गया है।
सौरभ ने आगे कहा कि वर्तमान में सपा यूपी की सबसे बड़ी पार्टी है और राष्ट्रीय स्तर पर भी तीसरी सबसे बड़ी पार्टी मानी जाती है, जिसने हाल ही में लोकसभा चुनाव में 37 सीटों पर जीत दर्ज की है। ऐसे में अखिलेश यादव आगामी चुनावों में गठबंधन को नेतृत्व प्रदान करते हुए निर्णायक भूमिका निभाएंगे।