Varanasi: थाना बड़ागाँव पुलिस ने चिवटिहिया गांव में बुजुर्ग जगरनाथ पटेल की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों ने 11 नवंबर 2024 की रात, जगरनाथ पटेल पर सोते वक्त हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल को अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के परिजनों ने इस मामले में मंगलवार को थाना बड़ागाँव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अभियुक्त रिंकू उर्फ नागेंद्र पटेल और प्रमेश पटेल को लखन्सीपुर मोड़ से गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो डंडे भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि 11 नवंबर को वे चिवटिहिया गांव में एक व्यक्ति से मारपीट कर रहे थे, जिसके बाद उनके खिलाफ बड़ागाँव थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे भागने का प्रयास कर रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्त रिंकू उर्फ नागेंद्र पटेल (26 वर्ष) और प्रमेश पटेल (23 वर्ष) बड़ागाँव थाना क्षेत्र के सोनपुरवा गांव के निवासी हैं। प्रमेश पटेल का आपराधिक इतिहास लंबा है।

