Jaunpur: सूटकेस में मिली महिला की लाश को उसके प्रेमी ने ही मारकर फेंका था। लाश मिलने के बाद से ही पुलिस खोजबीन में जुट गई थी आखिरकार सफलता हाथ लगी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का पल्टा बरामद कर लिया है। शहर कोतवाली पुलिस ने घटना का 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करके आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। मृत महिला वाराणसी की रहने वाली थी जो नगर के एक शापिंग माल में दो सालों से काम कर रही थी।
28 फरवरी को नगर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जेसीज चौराह स्थित कमला हास्पिटल के सामने झाड़ी में शूटकेस के अंदर एक अज्ञात महिला की लाश मिली थी। जिसकी उम्र तकरीबन 35 वर्ष के आसपास बतायी जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। लाश से आ रही दुर्गंध से आशंका जताई जा रही थी कि महिला की लाश कई दिन पुरानी है। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ, एसपी सिटी अरविंद वर्मा और एएसपी आयुष श्रीवास्तव ने पहुंचकर मामले के बारे में गहनता से जानकारी ली। शहर कोतवाल मिथिलेश मिश्रा भी हमराहियों के साथ छानबीन में जुटे रहे।
इस दौरान मुखबिर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रकाश में आए अभियुक्त विशाल साहनी पुत्र नारायण साहनी को भण्डारी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतका से कई वर्षों से प्रेम संबंध था। बीच में महिला की शादी हो गई थी, लेकिन विवाद के कारण तलाक हो गया। दोनों की मुलाकात जारी रही। 24 फरवरी को दोनों जौनपुर आए और मछलीशहर पड़ाव के पास रुके। 25 फरवरी को किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने लोहे के पल्टे से महिला पर हमला कर दिया। महिला के बेहोश होने पर गिरफ्तारी की डर से उसने शव को सूटकेस में रखकर रिक्शे से नाले में फेंक दिया।
Jaunpur: शादी के लिए परिजन नहीं थे राजी
एसपी सिटी अरविंद वर्मा ने बताया कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार वाले राजी नहीं थे। आरोपी विशाल साहनी वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के मूडादेव पोस्ट टिकरी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का पल्टा भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में नि. महमूद आलम अन्सारी अपराध थाना कोतवाली, उ.नि. सुनिल यादव चौकी प्रभारी सरायपोख्ता, हे. का. सत्यप्रकाश सिंह, कमलेश प्रसाद सैनी, अमित सिंह थाना कोतवाली, पंकज पुरी थाना जलालपुर और विनय सिंह थाना कोतवाली शामिल रहे।
Comments 1